4 राज्यों की 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को वोटिंग

4 राज्यों की 5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को वोटिंग

चुनाव आयोग ने 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

इनमें असम की नगांव लोकसभा सीट, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीट, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम सीट और पुडुचेरी की थट्टानचावडी सीट शामिल हैं।

नंदीग्राम पर सबकी नजर

पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर इस बार खास नजर रहेगी। यह सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम से हराया था।

हालिया विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत हासिल की। भवानीपुर में भी उन्होंने ममता बनर्जी को हराया था।

दोनों सीटों पर जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पारंपरिक सीट नंदीग्राम छोड़ दी। अब इस सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है।

क्या ममता बनर्जी फिर लड़ेंगी चुनाव?

नंदीग्राम सीट खाली होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ममता बनर्जी एक बार फिर यहां से चुनाव मैदान में उतरेंगी। माना जा रहा है कि अगर ममता यहां से चुनाव लड़ती हैं तो मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है।

पिछले चुनाव में नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी को 1,27,301 वोट मिले थे, जबकि टीएमसी उम्मीदवार प्रतीभा कर को 1,17,636 वोट मिले थे।

2021 के चुनाव में सुवेंदु अधिकारी को 1,10,764 वोट और ममता बनर्जी को 1,08,808 वोट मिले थे।

रेजीनगर सीट भी खाली

पश्चिम बंगाल की दूसरी सीट रेजीनगर पर भी उपचुनाव होगा। विधानसभा चुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने रेजीनगर से जीत हासिल की थी। उन्होंने नौदा सीट से भी चुनाव जीता था।

बाद में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर सीट से इस्तीफा दे दिया। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। इससे पहले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले टीएमसी ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था।

असम की लोकसभा सीट भी शामिल

असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। यहां से सांसद रहे प्रद्युत बोरदोलोई ने विधानसभा चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था।

तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी चुनाव

तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होगा। इसके अलावा पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट पर भी मतदान कराया जाएगा।

चुनाव आयोग के मुताबिक, सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। इन उपचुनावों के नतीजे संबंधित राज्यों की राजनीति पर असर डाल सकते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *