धनबाद। ऑल इंडिया फोटोग्राफिक फेडरेशन का आम चुनाव नई दिल्ली स्थित द पार्क होटल में आयोजित किया गया। चुनाव में देश के 11 राज्यों से फोटोग्राफर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चुनाव के दौरान फेडरेशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
नई कार्यकारिणी में झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन सेंट्रल के अध्यक्ष और धनबाद के चर्चित वेडिंग फोटोग्राफर बापी घोषाल को लगातार दूसरी बार फेडरेशन का वरीय उपाध्यक्ष चुना गया।
कई राज्यों के प्रतिनिधियों को मिली जिम्मेदारी
फेडरेशन की नई कार्यकारिणी में पंजाब के गुरनाम सिंह को संरक्षक, पटना के राकेश तिवारी को अध्यक्ष और लखनऊ के दिनेश चंद्र वर्मा को महासचिव चुना गया।
वहीं ओडिशा के चित्ररंजन पात्रा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। झारखंड के जमशेदपुर निवासी अभिमन्यु कुमार, बंगाल के दीपांकर साह, हरियाणा के संजीव ढल और बिहार के विष्णु शंकर को सह सचिव बनाया गया।
चुनाव के दौरान फोटोग्राफी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने नई कार्यकारिणी के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
फोटोग्राफी क्षेत्र में सक्रिय हैं बापी घोषाल
बापी घोषाल लंबे समय से फोटोग्राफी उद्योग से जुड़े हुए हैं। फोटोग्राफी क्षेत्र में उनकी सक्रियता के साथ विभिन्न राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय फोटोग्राफी संगठनों में भी उनकी भूमिका रही है।
उन्हें एक कुशल संगठनकर्ता के साथ-साथ फोटोग्राफर्स के प्रेरणास्रोत के रूप में भी जाना जाता है। झारखंड फोटोग्राफिक एसोसिएशन सेंट्रल के अध्यक्ष के रूप में भी वे संगठन से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
धनबाद और झारखंड के फोटोग्राफर्स में खुशी
बापी घोषाल के लगातार दूसरी बार फेडरेशन का वरीय उपाध्यक्ष चुने जाने से धनबाद सहित झारखंड के फोटोग्राफर्स में खुशी है। फोटोग्राफी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
फोटोग्राफर्स ने उम्मीद जताई कि फेडरेशन की नई कार्यकारिणी देशभर के फोटोग्राफर्स की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और फोटोग्राफी उद्योग के विकास के लिए प्रभावी पहल करेगी।

