प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (5 सितंबर 2026) को दिल्ली मेट्रो से दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) पहुंचे। वह कॉलेज के 100 साल पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे।
SRCC तक मेट्रो से सफर के दौरान पीएम मोदी ट्रेन में मौजूद यात्रियों से बातचीत करते नजर आए। उन्होंने खास तौर पर बच्चों से बात की। इस दौरान महिलाओं, युवाओं और अन्य यात्रियों ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की और उनका स्वागत किया।
न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से शेयर किए गए वीडियो में पीएम मोदी मेट्रो कार्ड का इस्तेमाल कर स्टेशन में प्रवेश करते दिखाई दिए। इसके बाद प्लेटफॉर्म पर मेट्रो ट्रेन पहुंचने पर उन्होंने ट्रेन में सवार होकर यात्रियों का अभिवादन किया।
मेट्रो में मौजूद लोगों ने भी पीएम मोदी से मिलकर खुशी जाहिर की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों और युवाओं से बातचीत की और उनके साथ समय बिताया।
SRCC को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वह शाम 7 बजे दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 100 साल पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई वर्षों में SRCC ने खुद को एक बेहतरीन संस्थान के रूप में स्थापित किया है। कॉलेज ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के साथ-साथ संस्थान निर्माण और बिजनेस, सार्वजनिक जीवन तथा समाज के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए नई पीढ़ी के नेतृत्वकर्ता तैयार करने में अपनी खास पहचान बनाई है।

