एअर इंडिया ने पायलट को नौकरी से निकाला, फ्लाइट में 300 फीट की अचानक गिरावट के बाद टेस्ट आया पॉजिटिव

एअर इंडिया ने पायलट को नौकरी से निकाला, फ्लाइट में 300 फीट की अचानक गिरावट के बाद टेस्ट आया पॉजिटिव

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2379 में 4 अगस्त को हुई गंभीर घटना के मामले में एयरलाइन ने पायलट-इन-कमांड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एयरलाइन के मुताबिक, पायलट का साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद उसकी सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।

एअर इंडिया ने कहा कि सुरक्षा और नियामकीय नियमों के उल्लंघन को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। इसी के तहत पायलट के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।

क्या हुआ था फ्लाइट में?

4 अगस्त को एयरबस A320 विमान फुकेट से दिल्ली आ रहा था। उड़ान के दौरान क्रूज फेज में विमान की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट कम हो गई

इस घटना में करीब 17 यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं। कुछ लोगों को गर्दन और रीढ़ से जुड़ी चोटें भी बताई गईं। हालांकि, एयरलाइन के अनुसार किसी को गंभीर चोट नहीं आई और जरूरत के मुताबिक यात्रियों की एयरपोर्ट पर मेडिकल जांच की गई।

विमान बाद में सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया था।

जांच में पायलट के टेस्ट पर भी ध्यान

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट में पायलट के कन्फर्मेटरी टेस्ट में साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए नॉन-नेगेटिव रिजल्ट आने की बात सामने आई थी।

इसके बाद AAIB ने मामले को गंभीर मानते हुए DGCA से उचित कार्रवाई की सिफारिश की थी। अब एअर इंडिया ने पुष्टि की है कि पायलट का टेस्ट पॉजिटिव था और उसे नौकरी से हटा दिया गया है।

जांच अभी पूरी नहीं हुई

AAIB इस घटना की विस्तृत जांच कर रहा है। जांच में विमान की अचानक ऊंचाई कम होने के तकनीकी कारणों के साथ-साथ अन्य पहलुओं को भी देखा जा रहा है।

शुरुआत में घटना को टर्बुलेंस से भी जोड़कर देखा गया था, लेकिन अब जांच में पायलट के टेस्ट रिजल्ट को भी अहम पहलू माना जा रहा है।

AAIB की अंतिम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। एअर इंडिया ने कहा है कि वह जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग कर रही है और सुरक्षा को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता मानती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *