जमशेदपुर। चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित टेंथ माइल होटल में 24 अगस्त को युवा कारोबारी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस की संयुक्त विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के दो कथित शूटरों, सोनारी के कारोबारी अशोक सिंह राघव समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, छह मोबाइल फोन और फरार होने में इस्तेमाल लाल रंग की i-10 कार बरामद की गई है।
होटल परिसर में गोली मारकर की गई थी हत्या
24 अगस्त को कदमा निवासी निखार सबलोक को चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल होटल परिसर में अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के पिता संजीव सबलोक के बयान पर चांडिल थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी कोल्हान के निर्देश पर एसएसपी पूर्वी सिंहभूम और एसपी सरायकेला-खरसावां के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से जांच आगे बढ़ी
पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को वारदात के बाद इस्तेमाल की गई लाल रंग की i-10 कार के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, कार को रांची से बरामद कर जब्त किया गया। कार का नंबर जेएच 05 एएन 5503 बताया गया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की और मामले में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यूपी के दो शूटर समेत ये छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सोनारी के खुंटाडीह निवासी अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, मानगो संजय पथ निवासी सुनील रजक, मानगो लक्ष्मण नगर निवासी रितेश सिंह, सोनारी सिदो-कान्हू बस्ती निवासी सुशील केराई शामिल हैं।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के दो कथित शूटर राज कुमार सिंह उर्फ प्रिंस (लधुवा) और अंकित सिंह (कोतवाली देहात) को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और छह मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है।
अधिकांश आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने बताया कि अंकित सिंह, सुनील रजक और सुशील केराई के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
छापेमारी अभियान में जमशेदपुर नगर एसपी ललित मीणा, एएसपी ऋषभ त्रिवेदी, एसडीपीओ घाटशिला विकास आनंद लागुरी, एसडीपीओ चांडिल शिवप्रकाश कुमार समेत दोनों जिलों के कई थाना प्रभारी शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड की साजिश में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

