ZEEL में सनब्राइट मॉरीशस ने बढ़ाई हिस्सेदारी, 2.40 करोड़ नए वारंट खरीदे

ZEEL में सनब्राइट मॉरीशस ने बढ़ाई हिस्सेदारी, 2.40 करोड़ नए वारंट खरीदे

मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा से जुड़े पर्सनल इनसॉल्वेंसी मामले के बीच जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सनब्राइट मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड ने ZEEL में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा दी है।

स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, सनब्राइट मॉरीशस ने 27 अगस्त 2026 को ZEEL के 2,40,59,266 वारंट खरीदे। ये वारंट कंपनी के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए मिले हैं।

अब ZEEL में 19.56% हिस्सेदारी

इस खरीद से पहले सनब्राइट मॉरीशस के पास ZEEL के 20,94,47,805 वारंट थे। यह कंपनी की कुल डाइल्यूटेड शेयर कैपिटल का करीब 17.90 फीसदी था।

नए वारंट खरीदने के बाद कंपनी के पास कुल 23,35,07,071 वारंट हो गए हैं। इसके साथ ZEEL में उसकी हिस्सेदारी बढ़कर करीब 19.56 फीसदी हो गई है।

हर वारंट को बाद में एक पूरी तरह भुगतान किए गए इक्विटी शेयर में बदला जा सकता है। सनब्राइट मॉरीशस ZEEL के प्रमोटर/प्रमोटर ग्रुप का हिस्सा है। कंपनी ने यह जानकारी SEBI के SAST नियमों के तहत स्टॉक एक्सचेंज को दी है।

NCLT में सुभाष चंद्रा के मामले की सुनवाई

दूसरी ओर, एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा से जुड़े पर्सनल इनसॉल्वेंसी मामले में भी हाल में बड़ा अपडेट आया है।

नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने मामले की सुनवाई के लिए पांच सदस्यों की बेंच बनाई है। इस मामले में 22,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के दावे शामिल हैं।

इससे पहले दो सदस्यों वाली बेंच किसी एक फैसले पर सहमत नहीं हो पाई थी। बाद में मामला तीसरे जज के पास भेजा गया, लेकिन वहां भी प्रस्तावित करीब 6.5 करोड़ रुपये के रीपेमेंट प्लान पर बहुमत से सहमति नहीं बन सकी।

इसके बाद सुभाष चंद्रा के खिलाफ पर्सनल इनसॉल्वेंसी मामले को दोबारा सुनवाई के लिए NCLT के चेयरपर्सन के पास भेज दिया गया।

ZEEL के शेयर में भी गिरावट

इस बीच ZEEL के शेयर पर भी दबाव देखने को मिला है। 31 जुलाई से अब तक कंपनी के शेयर में करीब 18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। खबर लिखे जाने के समय ZEEL का शेयर करीब 93.95 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *