दिल्ली के लोगों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि केंद्र सरकार दिल्ली को 1,000 टन प्याज उपलब्ध कराएगी। यह प्याज लोगों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा।
सरकार के मुताबिक, प्याज दिल्ली के सभी 13 जिलों में उचित मूल्य की दुकानों के साथ-साथ मोबाइल वैन के जरिए भी बेचा जाएगा।
वैन से भी घर के पास मिलेगा सस्ता प्याज
दिल्ली सरकार का कहना है कि मोबाइल वैन के जरिए प्याज उन इलाकों तक भी पहुंचाया जाएगा, जहां लोगों के लिए उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंचना मुश्किल है।
फिलहाल दिल्ली के बाजारों में प्याज की कीमत करीब 55 से 65 रुपये प्रति किलो चल रही है। ऐसे में 35 रुपये किलो प्याज मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बारिश से फसल खराब होने के बाद बढ़े दाम
हाल के दिनों में बारिश के कारण प्याज की फसल को नुकसान हुआ है। इसके चलते बाजार में प्याज की कीमत बढ़ गई है। बढ़ती कीमतों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने लोगों को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
सीएम बोलीं- दिल्ली में नहीं होने देंगे प्याज की कमी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में प्याज की कमी नहीं होने देगी। सरकार प्याज की उपलब्धता और उसकी कीमतों पर लगातार नजर रख रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्लीवासियों के लिए जरूरी खाद्य सामान पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराना और उन्हें उचित कीमत पर प्याज दिलाना है।

