बेलगड़िया बनेगी धनबाद की सर्वश्रेष्ठ कॉलोनी, पीएम के सलाहकार तरुण कपूर ने किया बड़ा ऐलान

बेलगड़िया बनेगी धनबाद की सर्वश्रेष्ठ कॉलोनी, पीएम के सलाहकार तरुण कपूर ने किया बड़ा ऐलान

धनबाद। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने अपने धनबाद दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को बेलगड़िया टाउनशिप में स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेलगड़िया के सर्वांगीण विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरुण कपूर ने कहा कि बेलगड़िया टाउनशिप को धनबाद की सर्वश्रेष्ठ कॉलोनी के रूप में विकसित करना केंद्र सरकार का मुख्य संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर और नए प्राथमिक विद्यालय का उद्घाटन

तरुण कपूर ने बेलगड़िया स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा प्रभारी से क्षेत्र के लोगों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने नया प्राथमिक विद्यालय (झरिया बिहार) का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

उन्होंने बोका पहाड़ी स्थित मॉडल आंगनबाड़ी सह प्री-नर्सरी स्कूल का भी उद्घाटन किया। यहां बच्चों को मिलने वाले पोषाहार और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई।

कौशल विकास और निःशुल्क कोचिंग सेंटर की शुरुआत

प्रधानमंत्री के सलाहकार ने स्किल डेवलपमेंट एंड प्रोडक्शन सेंटर में नए प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद आरएसपी कॉलेज में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उन्हें पठन सामग्री भी वितरित की। कार्यक्रमों का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा एवं कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

टेक्सटाइल यूनिट से महिलाओं को रोजगार देने की योजना

तरुण कपूर ने कहा कि बेलगड़िया में स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए क्षेत्र में शीघ्र ही कपड़ा उद्योग यानी टेक्सटाइल यूनिट स्थापित करने की योजना है। इससे महिलाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की उम्मीद है।

महिलाओं की दक्षता बढ़ाने के लिए एडवांस टेलरिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही भविष्य में क्षेत्र में मैन-मेड फाइबर और टेक्निकल टेक्सटाइल उद्योग स्थापित करने की भी योजना बताई गई।

जनसंवाद में स्थानीय लोगों ने रखीं समस्याएं और सुझाव

प्रशासनिक भवन के समीप आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में तरुण कपूर ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उपेंद्र चौहान, सीमा पासवान, पूजा कुमारी, अनुष्का कुमारी, अंजली कुमारी पासवान, रूपेश कुमार और राहुल मिश्रा सहित अन्य निवासियों ने बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपने सुझाव रखे।

जनसंवाद के समापन पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा कि संशोधित झरिया मास्टर प्लान के अनुसार बेलगड़िया के निवासियों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टाउनशिप में कई विकास योजनाओं पर काम किया गया है और आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।

उपायुक्त ने कहा कि जनसंवाद के दौरान स्थानीय लोगों से प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम, कोयला मंत्रालय के सलाहकार (प्रोजेक्ट्स) आलोक कुमार सिंह, कपड़ा मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी अलकनंदा दयाल, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और डायरेक्टर (टेक्निकल/ऑपरेशंस) संजय कुमार सिंह सहित बीसीसीएल, जेआरडीए के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *