गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में खराबी की आशंका

गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में खराबी की आशंका

गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण वापस गोवा लौटना पड़ा। फ्लाइट ने गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान के एक इंजन में समस्या होने की आशंका जताई गई।

इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया। विमान को सुरक्षित तरीके से मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। घटना के बाद विमान की जांच की जा रही है।

इंडिगो ने क्या कहा?

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट 6E 2102 के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या का पता चला। तय प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया। फिलहाल विमान की मेंटेनेंस जांच चल रही है। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।

यात्रियों को करना होगा इंतजार

इस घटना के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों को कुछ समय और इंतजार करना होगा। फ्लाइट के रवाना होने का नया समय दोपहर 3:30 बजे तय किया गया है।

हालांकि, इंडिगो के मुताबिक उड़ान का यह समय विमान को जरूरी क्लीयरेंस मिलने और अन्य ऑपरेशनल जरूरतों पर निर्भर करेगा। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *