धनबाद पहुंचे PM के सलाहकार तरुण कपूर, BCCL की खनन परियोजनाओं और पुनर्वास स्थलों का करेंगे निरीक्षण

धनबाद पहुंचे PM के सलाहकार तरुण कपूर, BCCL की खनन परियोजनाओं और पुनर्वास स्थलों का करेंगे निरीक्षण

धनबाद। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। उनके दौरे के दौरान बीसीसीएल की विभिन्न खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों और पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ विकास योजनाओं को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी होगी।

दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पहुंचने पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तरुण कपूर का स्वागत किया।

मां कल्याणेश्वरी मंदिर में की पूजा

दुर्गापुर एयरपोर्ट से धनबाद आने के क्रम में तरुण कपूर ने मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कोयला भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में बीसीसीएल से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं और संबंधित विषयों की समीक्षा की गई।

मुनीडीह और एना फायर प्रोजेक्ट का करेंगे निरीक्षण

दो दिवसीय दौरे के दौरान तरुण कपूर मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन प्रोजेक्ट और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

इसके अलावा वे कुसुंडा क्षेत्र स्थित एना फायर प्रोजेक्ट का भी दौरा करेंगे। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद करने की भी योजना है।

झरिया मास्टर प्लान के पुनर्वास स्थलों का जायजा

मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को तरुण कपूर झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया और करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करेंगे।

इसके बाद समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान सहित जेआरडीए, एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल और टेलीकॉम विभाग से जुड़े विषयों की संयुक्त समीक्षा बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता तरुण कपूर करेंगे।

सुरक्षा और यातायात के किए गए इंतजाम

प्रधानमंत्री के सलाहकार के धनबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

उपायुक्त के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को दौरे के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। दौरे के दौरान बीसीसीएल परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास और प्रमुख विकास योजनाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *