सिंदरी में शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, विधायक चंद्रदेव महतो की पहल पर मिला ₹3 लाख मुआवजा

सिंदरी में शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, विधायक चंद्रदेव महतो की पहल पर मिला ₹3 लाख मुआवजा

धनबाद, सिंदरी। सड़क दुर्घटना में दोलाबड़ निवासी अमित कुमार पांडेय की मौत के बाद शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ सिंदरी स्थित एसीसी गेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण और परिजन उचित सहायता एवं मुआवजे की मांग कर रहे थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद एसीसी प्रबंधन के अधिकारियों के साथ वार्ता कर मुआवजे को लेकर सहमति बनाने की पहल की गई।

रात में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे विधायक

बताया गया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद विधायक चंद्रदेव महतो शनिवार रात करीब 9:15 बजे एसीसी गेट पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

इसके बाद रात करीब 10 बजे विधायक की अगुवाई में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और एसीसी प्रबंधन के अधिकारियों के बीच वार्ता शुरू हुई।

वार्ता के बाद ₹3 लाख मुआवजे पर बनी सहमति

वार्ता के दौरान पीड़ित परिवार को ₹3 लाख की मुआवजा राशि देने पर सहमति बनी। दी गई जानकारी के अनुसार, सहमति के बाद सहायता राशि मौके पर ही परिजनों को सौंप दी गई।

मुआवजा मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

भाजपा नेताओं समेत ग्रामीण रहे मौजूद

वार्ता के दौरान विधायक चंद्रदेव महतो के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा देवी और झारखंड प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य धरनीधर मंडल समेत एसीसी प्रबंधन के अधिकारी और स्थानीय नेता मौजूद रहे।

वहीं, काके गोरोबर, राकेश मल्लिक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थे।

विधायक बोले- पैसे से जीवन की भरपाई संभव नहीं

विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन की भरपाई पैसों से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपने सदस्य को खोया है और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहना जरूरी है।

उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव उचित सहायता दिलाने की बात कही।

न्यूज ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *