जमशेदपुर। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को जमशेदपुर में उत्साह के साथ मनाया गया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एग्रिको स्थित अपने आवास पर अपनी बहनों बेदु बाई और महारीन बाई समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची सैकड़ों बहनों से राखी बंधवाई।
इस दौरान बहनों ने रघुवर दास के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं, रघुवर दास ने बहनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
विभिन्न इलाकों से पहुंचीं सैकड़ों बहनें
रक्षाबंधन के अवसर पर साकची, गोलमुरी, टेल्को, बर्मामाइंस, सीतारामडेरा, बारीडीह, भालूबासा, सोनारी और मानगो समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं उनके आवास पहुंचीं।
बहनों ने रघुवर दास की कलाई पर राखी बांधी। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को उपहार भेंट किया और उनकी रक्षा का संकल्प लेते हुए उनके स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
रघुवर दास ने जमशेदपुर समेत झारखंड की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं।
रक्षाबंधन प्रेम और जिम्मेदारी का पर्व
रघुवर दास ने कहा कि प्राचीन काल से ही रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता रहा है। उनके अनुसार, यह भाई-बहन के बीच पवित्र संकल्प, अटूट स्नेह और प्रेम का पर्व है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का महत्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही नारी शक्ति
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं परिवार और समाज की जिम्मेदारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। अंतरिक्ष विज्ञान, सेना, विमानन, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, खेल और उद्योग सहित कई क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने इसे बदलते भारत की तस्वीर बताते हुए कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का लिया संकल्प
रघुवर दास ने कहा कि समाज में कुछ लोग महिलाओं के प्रति विकृत मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नारी के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण से परिवार मजबूत होगा और मजबूत परिवार से समाज एवं राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व सभी को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान की रक्षा का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

