धनबाद, 27 अगस्त। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) धनबाद जिला समिति की विस्तारित बैठक बुधवार को जिला कार्यालय कुर्मीडीह में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह ने की, जबकि संचालन जिला सचिव मन्नू आलम ने किया। बैठक में झारखंड सरकार के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 के खिलाफ जिले में पंचायत स्तर तक आंदोलन चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
पंचायत स्तर तक चलाया जाएगा जनजागरण अभियान

झामुमो नेताओं ने तय किया कि पार्टी कार्यकर्ता गांव और पंचायत स्तर पर जाकर लोगों को अधिनियम के प्रावधानों तथा झारखंड के हितों पर इसके संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे।
बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार 30 अगस्त को सभी प्रखंड और नगर स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 31 अगस्त से जिले की प्रत्येक पंचायत में जनजागरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
7 सितंबर को होगा विरोध-प्रदर्शन
झामुमो जिला समिति के अनुसार आंदोलन के अगले चरण में 7 सितंबर 2026 को सभी प्रखंडों और नगर क्षेत्रों में विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया है।
बैठक में नेताओं ने कहा कि आंदोलन को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि पंचायत स्तर तक पहुंचाकर आम लोगों को कानून के संभावित प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
मथुरा प्रसाद महतो ने कहा- खनिज संपदा से जुड़ा है झारखंड का भविष्य
बैठक को संबोधित करते हुए टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार और लोगों के भविष्य से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी कानून से राज्यों के अधिकार और झारखंड के हित प्रभावित होते हैं, तो झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर पर जनता के बीच पहुंचने और 7 सितंबर के विरोध-प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया।
शांतिपूर्ण आंदोलन के जरिए सरकार तक पहुंचाएंगे आवाज
जिला उपाध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि झारखंड ने देश के विकास में अपने प्राकृतिक संसाधनों का योगदान दिया है और राज्य के संसाधनों पर यहां की जनता के अधिकार सुनिश्चित होने चाहिए।
वहीं जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि झामुमो का आंदोलन शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और जनहित आधारित होगा। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त से पंचायतों में जनजागरण अभियान और 7 सितंबर को प्रखंड एवं नगर स्तर पर विरोध-प्रदर्शन के जरिए केंद्र सरकार तक झारखंड के हितों से जुड़ी आवाज पहुंचाई जाएगी।
बैठक में केंद्रीय सदस्य रमेश टुडू, जग्गू महतो, काजी सिराज अहमद, सुखलाल मरांडी, तस्लीम अंसारी, अजय रवानी, समीर रवानी, मंटू चौहान, मीना हेम्ब्रम समेत झामुमो के कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

