दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) काफी चर्चा में है। CJP ने अब 5 सितंबर को दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है।
इसी बीच C-Voter ने युवाओं और Gen-Z से जुड़े मुद्दों को लेकर एक सर्वे किया। इसमें लोगों से पूछा गया कि अगर CJP चुनाव लड़ती है तो क्या वे उसे वोट देंगे? सर्वे के नतीजे काफी दिलचस्प रहे।
चुनाव लड़ेगी CJP तो कितने लोग देंगे वोट?
सर्वे में 43% लोगों ने कहा कि वे CJP को वोट नहीं देंगे, जबकि 33% लोगों ने कहा कि वे CJP को वोट दे सकते हैं।
लोगों से यह भी पूछा गया कि क्या CJP को चुनाव लड़ने के बजाय सिर्फ एक दबाव समूह के तौर पर काम करना चाहिए। इस पर 39% लोगों ने CJP को दबाव समूह बने रहने का समर्थन किया, जबकि 26% लोग चाहते हैं कि पार्टी चुनाव लड़े।
हालांकि, CJP पहले ही साफ कर चुकी है कि वह खुद को राजनीतिक पार्टी के तौर पर रजिस्टर नहीं कराएगी। अभिजीत दीपके भी कह चुके हैं कि CJP चुनाव लड़ने की योजना नहीं बना रही है।
बेरोजगारी को सबसे बड़ी समस्या मानते हैं युवा
सर्वे में लोगों से पूछा गया कि इस समय देश की सबसे बड़ी समस्या क्या है। इसके जवाब में:
- 22.7% लोगों ने बेरोजगारी को सबसे बड़ी समस्या बताया।
- 18.1% ने महंगाई को बड़ी समस्या माना।
- 7.3% लोगों ने किसान संकट को सबसे बड़ी चुनौती बताया।
Gen-Z से उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में पूछा गया तो 53% ने नौकरी, 22% ने शिक्षा, 12% ने बढ़ती जीवन-यापन लागत और 4% ने मानसिक स्वास्थ्य को प्रमुख मुद्दा बताया।
युवाओं के रोजगार की जिम्मेदारी किसकी?
सर्वे में युवाओं से पूछा गया कि उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी किसकी होनी चाहिए।
63% लोगों ने केंद्र और राज्य सरकारों को जिम्मेदार माना। वहीं 14% ने स्कूल-कॉलेज, 9% ने निजी कंपनियों और 5% ने आम लोगों को इसकी जिम्मेदारी दी।
युवाओं के सामने रोजगार की बड़ी समस्याएं
सर्वे के मुताबिक, युवाओं के सामने सबसे बड़ी समस्या पर्याप्त नौकरियों की कमी है। 32% लोगों ने इसे सबसे बड़ी चुनौती बताया।
इसके अलावा:
- 18% ने कम वेतन को समस्या बताया।
- 17% ने कहा कि उनकी डिग्री के मुताबिक नौकरी नहीं मिलती।
- 17% लोगों ने सरकार की धीमी भर्ती प्रक्रिया को बड़ी समस्या माना।
सर्वे के आंकड़ों से साफ है कि युवाओं के बीच नौकरी और रोजगार सबसे अहम मुद्दों में शामिल हैं, जबकि CJP के चुनाव लड़ने को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है।

