धनबाद। डीएवी राष्ट्रीय खेलों के राज्य स्तरीय क्रिकेट आयोजन का बुधवार, 26 अगस्त 2026 को समापन हुआ। अंतिम दिन विभिन्न आयु वर्गों में सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के बाद बालक और बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों के विजेताओं की घोषणा की गई।
बालक वर्ग में इन टीमों ने जीते खिताब

बालक वर्ग के अंडर-14 फाइनल में पीवीएसएस डीएवी कोडरमा ने डीएवी पब्लिक स्कूल कोयला नगर, धनबाद को हराकर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 में डीएवी हेहल, रांची ने डीएवी कोयला नगर, धनबाद को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-19 के फाइनल मुकाबले में डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग ने डीएवी हेहल, रांची को हराकर खिताब जीता।
बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

बालिका वर्ग के अंडर-14 फाइनल में डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 ने डीएवी बिष्टुपुर, जमशेदपुर को पराजित किया।
अंडर-17 में डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर, जमशेदपुर ने डीएवी पुंदाग को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। अंडर-19 में डीएवी सीसीएल गिरिडीह ने डीएवी कपिल देव, कदru, रांची को पराजित किया।
प्राचार्या ने विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
इस अवसर पर प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने सभी विजेता और प्रतिभागी टीमों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने चयनित झारखंड टीम के खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करें। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी टीम इंचार्ज, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्राचार्या ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी मेहनत और टीम भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

