उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शामली के मोहल्ला नाला पटरी इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, चार बदमाश पैदल आए और अंकित पर करीब 14 गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि अंकित जिम करने के बाद अपनी कार में बैठे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अंकित की हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई है। यह भी बताया जा रहा है कि वह पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे। पुलिस हत्या के कारण और हमलावरों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
कौन थे अंकित बालियान?
अंकित बालियान शामली के रहने वाले थे और उनका पैतृक गांव बंती खेड़ा बताया जाता है। वह पिछले कई वर्षों से सोनीपत और रोहतक में रह रहे थे।
अंकित हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम थे। उनके कई गाने लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी चर्चित हुआ था।
सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग थी। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 4.20 लाख फॉलोअर्स थे और उनके नाम से कई फैन पेज भी चलाए जाते हैं।
मौत से 2 घंटे पहले की थी आखिरी पोस्ट
अंकित ने अपनी मौत से करीब 2 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की थी। इस पोस्ट में हत्या और सड़क पर मर्डर से जुड़ी बातें लिखी थीं।
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने ‘खास भाई’ लिखा था। उनकी हत्या के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई है। हालांकि, इस पोस्ट का उनकी हत्या से कोई संबंध था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
अंकित के कई गाने रहे लोकप्रिय
अंकित का इंस्टाग्राम बायो ‘युद्धाय कृत निश्चय’ था। उनका गाना ‘बेबी बदमाश’ काफी चर्चा में रहा था। यह गाना 12 जुलाई को रिलीज हुआ था और इस पर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर रील्स भी बनाई थीं।
इसके अलावा ‘गेनर’, ‘उत कसूत’, ‘PTI’, ‘सुखना लेक’ और ‘मुगलों का पटोला’ जैसे उनके गाने भी चर्चा में रहे।
अंकित फिटनेस को लेकर काफी गंभीर थे और नियमित रूप से जिम जाते थे। वह अक्सर जिम से अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते थे।
उनकी अचानक हत्या की खबर से उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक का माहौल है।

