कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार के खिलाफ 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि सरकार ने 25 जुलाई को देश के युवाओं से किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है।
पार्टी के मुताबिक, मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा।
छात्रों और युवाओं के परिवार करेंगे नेतृत्व
CJP ने बताया कि मार्च का नेतृत्व उन छात्रों के परिवार करेंगे, जिन्होंने NEET से जुड़े मामलों में अपनी जान गंवाई और उन लोगों के परिवार भी शामिल होंगे, जो कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित हुए हैं।
इस प्रदर्शन में देशभर से छात्रों, युवा संगठनों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।
सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप
CJP के सह संयोजक सौरव दास ने पार्टी का बयान सोशल मीडिया पर साझा किया। पार्टी के मुताबिक, उसकी नेशनल वर्किंग कमेटी ने 25 जुलाई को सरकार और BJP/NDA शासित राज्यों की ओर से युवाओं से किए गए वादों की समीक्षा की।
CJP का कहना है कि इन्हीं वादों के आधार पर देशभर में चल रहे युवा आंदोलन को खत्म किया गया था। लेकिन पार्टी अब आरोप लगा रही है कि सरकार ने वादों को लागू करने के बजाय लगातार देरी की है।
FIR वापस लेने के मुद्दे पर विवाद
CJP का मुख्य आरोप आंदोलन के दौरान दर्ज FIR को लेकर है। पार्टी का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को केंद्र सरकार से देशभर में दर्ज FIR की सूची मांगी थी, ताकि इन मामलों पर एक साथ विचार किया जा सके।
पार्टी का दावा है कि इसके बावजूद सरकार ने सभी FIR वापस लेने को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया है।
‘हमारे धैर्य को कमजोरी न समझें’
CJP ने कहा कि सरकार को युवाओं के धैर्य को उनकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। पार्टी का आरोप है कि अच्छे विश्वास में आंदोलन खत्म करने के बाद भी सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया।
इसी वजह से पार्टी ने 5 सितंबर को फिर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद खत्म हुआ था आंदोलन
NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर लंबे समय तक चले आंदोलन के बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया था। इसके बाद CJP ने अपना आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया था।
CJP की प्रमुख मांगों में आंदोलन के दौरान दर्ज FIR वापस लेना भी शामिल था। अब पार्टी का कहना है कि सभी मामलों को अभी तक वापस नहीं लिया गया है, इसलिए वह दोबारा प्रदर्शन करने जा रही है।

