नई दिल्ली के द्वारका इलाके में पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को पकड़ा है, जो भारतीय वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहा था। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का भारतीय वीजा अप्रैल 2026 में ही खत्म हो गया था। इसके बावजूद वह भारत में रह रहा था। कार्रवाई के बाद उसे एफआरआरओ दिल्ली के सामने पेश किया गया, जहां से उसे प्रतिबंध केंद्र भेज दिया गया।
सेक्टर-10 में पुलिस ने पकड़ा
द्वारका जिला पुलिस की एंटी-पीओ एंड जेल बेल सेल को विदेशी नागरिकों के दस्तावेज और वीजा की जांच की जिम्मेदारी दी गई है। इसी अभियान के दौरान 14 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने सेक्टर-10 द्वारका में पेट्रोल पंप के पास एक नाइजीरियाई नागरिक को पकड़ा।
पुलिस ने उसकी पहचान हेनरी चिनाजाएकपेरे ओन्येका के रूप में की है। उसके पास नाइजीरिया का पासपोर्ट था, जो 28 अगस्त 2034 तक वैध है। हालांकि, जांच में भारत का वैध वीजा नहीं मिला।
अप्रैल में खत्म हो गया था वीजा
दस्तावेजों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हेनरी का भारतीय वीजा अप्रैल 2026 तक ही वैध था। इसके बाद भी वह भारत में रह रहा था।
मामले में द्वारका साउथ थाने में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए एफआरआरओ दिल्ली के सामने पेश किया गया।
एफआरआरओ के आदेश के बाद भेजा गया प्रतिबंध केंद्र
एफआरआरओ ने 14 अगस्त को आरोपी की आवाजाही पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। इसके बाद उसे सेवा सदन, लामपुर, नरेला स्थित प्रतिबंध केंद्र भेज दिया गया।
ऑपरेशन विस्टा 1.0 के तहत जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में रह रहे विदेशी नागरिकों के दस्तावेज और वीजा की स्थिति की जांच के लिए ऑपरेशन विस्टा 1.0 शुरू किया है। इस अभियान के तहत पुलिस विदेशी नागरिकों की पहचान करने के साथ उनके पासपोर्ट और वीजा की भी जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं कोई विदेशी नागरिक वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में अवैध रूप से तो नहीं रह रहा है। इसी जांच के दौरान द्वारका में नाइजीरियाई नागरिक के वीजा की अवधि खत्म होने का मामला सामने आया।

