पाकुड़। पाकुड़ नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक शनिवार को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा और कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी मौजूद रहे। नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विकास और जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद कई योजनाओं को मंजूरी दी गई। हालांकि, पांच पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
पांच पार्षदों ने बैठक से किया वॉकआउट

बैठक में कुल 19 वार्ड पार्षद शामिल हुए, जबकि दो पार्षद स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति की समीक्षा से हुई।
इसके बाद एजेंडों पर चर्चा के दौरान वार्ड पार्षद किरण लाल कापड़ी, रूपाली सरकार, भीम सिंह चंद्रवंशी, असलम अंसारी और आलमगीर आलम ने बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर निकल गए।
बहिष्कार करने वाले पार्षदों के वार्ड संख्या 3, 4, 12, 13 और 17 से संबंधित योजनाओं पर बैठक में चर्चा नहीं हो सकी।
सड़क, नाली और बोरिंग की योजनाओं को मंजूरी
बैठक में वार्ड संख्या 8 में यूरिनल निर्माण की योजना को मंजूरी दी गई। वार्ड संख्या 20 और 21 में सड़क-सह-नाली निर्माण तथा वार्ड संख्या 7, 11, 20 और 21 में बोरिंग कराने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।
इसके अलावा वार्ड संख्या 11 में पथ निर्माण और नगर क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। वार्ड संख्या 19 के कालिकापुर में दुर्गा माता मंदिर के समीप नाली के जीर्णोद्धार की योजना भी स्वीकृत की गई।
स्थान सीमांकन के लिए अंचल अधिकारी को पत्र भेजने पर सहमति बनी।
छठ घाट और मार्केट कॉम्प्लेक्स की योजना भी स्वीकृत
वार्ड संख्या 5 में छठ घाट एवं मुखाग्नि स्थल निर्माण के साथ मार्केट कॉम्प्लेक्स-सह-विवाह भवन निर्माण की योजना को भी मंजूरी दी गई। वीर कुंवर सिंह भवन परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्ताव को विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में 16वें वित्त आयोग की राशि से नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करने पर भी सहमति बनी। हालांकि बहिष्कार करने वाले पांच पार्षदों के वार्डों की योजनाएं पारित नहीं हो सकीं।
सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता: राणा ओझा
नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए बोर्ड प्रतिबद्ध है। सड़क, नाली, स्वच्छता, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर परिषद स्तर पर लगातार प्रयास जारी रहेगा।
बैठक में वार्ड पार्षद निभा देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, पूनम देवी, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, विमल चंद्र राउत, गुड्डू कुमार भगत सहित प्रधान सहायक देवाशीष देव बर्मन और नगर परिषद के कार्यालय कर्मी मौजूद रहे।

