दिल्ली को साफ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के प्रशांत विहार में ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान के तहत मेगा मार्च निकाला गया।
इस मार्च में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही भी शामिल हुए। उन्होंने करीब 2 किलोमीटर तक पैदल मार्च किया और सड़क पर झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
सफाई के साथ अतिक्रमण हटाने के निर्देश
अभियान में निगम अधिकारी, सफाई कर्मचारी और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। इस दौरान सड़कों और आसपास के इलाकों की सफाई की गई।
महापौर ने अधिकारियों को पेड़ों की छंटाई, अतिक्रमण हटाने और सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए। मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव भी किया गया। लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक भी हुआ।
कूड़े के पहाड़ खत्म करने का दावा
महापौर ने कहा कि दिल्ली में मौजूद कूड़े के बड़े ढेर और कचरे के पहाड़ खत्म करने की दिशा में काम किया जा रहा है। नए कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए आधुनिक प्लांट भी तैयार किए जा रहे हैं।
क्या इससे साफ होगी पूरी दिल्ली?
हालांकि सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में अभी भी कूड़े के ढेर, जाम नालियां और खराब कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं बनी हुई हैं।
महापौर ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा अलग-अलग करके दें, सड़कों पर कचरा न फेंकें और निगम की कूड़ा संग्रह व्यवस्था का इस्तेमाल करें।
मेगा मार्च के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। महापौर ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की अपील की।

