कर्नाटक में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (FDA) ने होटल, रेस्टोरेंट, फूड चेन और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इस कार्रवाई में कई जगहों पर एक्सपायर्ड और असुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। मैसूरु में कुछ होटलों से एक्सपायर्ड चिकन और मीट जब्त किया गया, जबकि मंगलुरु में ग्राहक की शिकायत के बाद एक KFC आउटलेट पर भी छापेमारी हुई।
ग्राहक की शिकायत पर KFC में छापेमारी
मंगलुरु के सिटी सेंटर स्थित KFC आउटलेट के खिलाफ एक ग्राहक ने शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ऑनलाइन ऑर्डर किए गए Chicken Peri Peri Legs में बासी और बदबूदार चिकन मिला।
शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने K.S. Rao Road स्थित आउटलेट की अचानक जांच की। अधिकारियों ने किचन, स्टोर रूम, कोल्ड स्टोरेज और अन्य जगहों की जांच की। खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए और उन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मैसूरु के होटलों में मिला एक्सपायर्ड सामान
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सिर्फ मंगलुरु तक सीमित नहीं है। मैसूरु में भी कई होटल और फूड आउटलेट की जांच की गई। अधिकारियों को कुछ जगहों पर एक्सपायर्ड चिकन, मीट और अन्य खराब खाद्य सामग्री मिली।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, मैसूरु के एक होटल से 9 किलो एक्सपायर्ड चिकन जब्त किया गया, जबकि दूसरे होटल से बड़ी मात्रा में मीट भी जब्त किया गया।
कई जगहों पर सफाई और स्टोरेज में कमी
राज्य के अलग-अलग शहरों में हुई जांच के दौरान अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के सही तरीके से स्टोर न किए जाने, खराब सब्जियों, फंगस और साफ-सफाई से जुड़ी कमियां भी मिलीं। अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट और अन्य फूड आउटलेट जांच के दायरे में हैं।
KFC ने क्या कहा?
मामले पर KFC ने कहा कि कंपनी खाने की सुरक्षा, गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कंपनी के मुताबिक वह FSSAI के नियमों के साथ अपने ग्लोबल क्वालिटी स्टैंडर्ड का भी पालन करती है।
KFC ने कहा कि उसका चिकन देशभर के मान्यता प्राप्त सप्लायर्स से लिया जाता है और स्टोर में तैयार होने से लेकर ग्राहक तक पहुंचने तक कई क्वालिटी और सेफ्टी चेक से गुजरता है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रही है।
कहां-कहां हुई छापेमारी
कर्नाटक के मैसूरु के अलावा बेंगलुरु और मंगलुरु समेत कई शहरों में होटल, रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट और दूसरे फूड आउटलेट में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की जांच के दायरे में हैं. अधिकारियों को कई जगह एक्सपायर्ड सामान, खराब सब्जियां, फंगस और मीट को सही तापमान पर स्टोर नहीं करने जैसी कमियां मिली हैं.
हाल की इन कार्रवाइयों में कर्नाटक के अलग-अलग शहरों से कुल मिलाकर 1,000 किलो से ज्यादा असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है. इन सबके अलावा अधिकारियों ने सरकारी इमारतों में चलने वाले फूड आउटलेट्स की भी जांच की. बेंगलुरु के विधान सौधा, विकास सौधा और आरोग्य सौधा में संचालित कुछ फूड सेंटर में भी खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी मिली. अधिकारियों के मुताबिक कुछ जगहों पर साफ-सफाई की कमी थी.

