लेंस उत्सव 2026 में धनबाद के फोटोग्राफरों का जलवा, चंदन पॉल और सुभोजीत घोषाल रहे विजेता

लेंस उत्सव 2026 में धनबाद के फोटोग्राफरों का जलवा, चंदन पॉल और सुभोजीत घोषाल रहे विजेता

रांची। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से आड्रे हाउस में आयोजित दो दिवसीय लेंस उत्सव-2026 का समापन हुआ। समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

लेंस उत्सव में धनबाद के फोटोग्राफरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। नेचर श्रेणी में धनबाद के चंदन पॉल ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि फेस्टिवल श्रेणी में धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल प्रथम रहे। वहीं स्ट्रीट फोटोग्राफी में चंदन स्टूडियो के राजकुमार सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

झारखंड, बिहार और बंगाल के फोटोग्राफरों ने लिया हिस्सा

लेंस उत्सव में झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के फोटो जर्नलिस्टों की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई। आयोजन में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी देखने के लिए रांची के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

तस्वीरों के माध्यम से झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों की सामाजिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और पर्यटन संबंधी विविधता को प्रदर्शित किया गया। आयोजन में झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट अपने कैमरों और तस्वीरों के साथ पहुंचे।

चंदन पॉल ने नेचर कैटेगरी में जीता पहला स्थान

लेंस उत्सव-2026 की नेचर श्रेणी में धनबाद के फोटोग्राफर चंदन पॉल ने प्रथम स्थान हासिल किया। अभिषेक दूसरे और श्रुति सहाय तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं फेस्टिवल श्रेणी में धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने पहला स्थान प्राप्त किया। रुद्र रंजीत दूसरे और राजेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

स्ट्रीट फोटोग्राफी में सलार खान प्रथम रहे। धनबाद के चंदन स्टूडियो से जुड़े राजकुमार सिंह ने दूसरा और गौरव हर्ष ने तीसरा स्थान हासिल किया।

टूरिज्म और वाइल्डलाइफ श्रेणी के विजेता

टूरिज्म श्रेणी में बिमल तमांग ने प्रथम, हजारीबाग के रवि सिंह ने द्वितीय और प्रीतम कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।

वाइल्डलाइफ श्रेणी में यश युवराज प्रथम, अक्षय आकाश द्वितीय और राजेश कुमार तृतीय रहे।

समापन समारोह में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सभी विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

तस्वीरों के जरिए समाज और समय का दस्तावेज

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि एक तस्वीर कई बार उन बातों को सामने रख देती है, जिन्हें हजार शब्दों में भी व्यक्त करना मुश्किल होता है। उन्होंने लेंस उत्सव जैसे आयोजन को सराहनीय पहल बताया।

उन्होंने कहा कि फोटोग्राफर अपनी तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय की महत्वपूर्ण घटनाओं को दस्तावेज के रूप में सामने लाते हैं। एक तस्वीर किसी घटना, व्यक्ति या परिस्थिति को लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में जीवित रखने का काम करती है।

आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। फोटो जर्नलिस्टों ने लेंस उत्सव को फोटोग्राफी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से अनुभवी फोटो पत्रकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी रचनात्मकता और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *