धनबाद। केंदुआडीह की राजपूत बस्ती और मुस्लिम बस्ती के 170 विस्थापित परिवार पुनर्वास योजना से संतुष्ट होकर अब बेलगड़िया टाउनशिप में शिफ्ट होने के लिए तैयार हो गए हैं। बुधवार को केंदुआडीह वीटीसी में आयोजित बैठक में जेआरडीए और बीसीसीएल के अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों के सामने पुनर्वास योजना की विस्तृत जानकारी रखी।
हर परिवार को मिलेंगे दो क्वार्टर
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि पुनर्वास योजना के तहत प्रत्येक विस्थापित परिवार को बेलगड़िया टाउनशिप में दो क्वार्टर आवंटित किए जाएंगे। अधिकारियों ने बैठक में शिफ्टिंग से जुड़ी सुविधाओं और आर्थिक सहायता की भी जानकारी दी।
परिवारों को शिफ्टिंग के दौरान तत्काल सहायता के रूप में कुल 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसमें 50 हजार रुपये शिफ्टिंग भत्ता, 50 हजार रुपये किराया भत्ता और 50 हजार रुपये आजीविका सहायता शामिल है।
छह महीने बाद मिलेंगे एक लाख रुपये
पुनर्वास योजना के तहत छह महीने पूरे होने के बाद विस्थापित परिवारों को एक लाख रुपये की शेष सहायता राशि दी जाएगी। इस तरह प्रत्येक परिवार को मिलने वाली कुल आर्थिक सहायता 2.50 लाख रुपये होगी।
अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को पुनर्वास प्रक्रिया और आर्थिक पैकेज की शर्तों की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने योजना पर संतोष जताया।
मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान की मांग
बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बेलगड़िया टाउनशिप में मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान जैसी धार्मिक एवं सामाजिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
अधिकारियों ने बताया कि बेलगड़िया टाउनशिप में वर्तमान में एक मस्जिद पहले से मौजूद है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए जेआरडीए की ओर से अतिरिक्त मंदिर, मस्जिद और कब्रिस्तान के निर्माण पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया गया।
पुनर्वास पैकेज से संतुष्ट हुए ग्रामीण
अधिकारियों के आश्वासन और पुनर्वास पैकेज की जानकारी मिलने के बाद केंदुआडीह की राजपूत बस्ती और मुस्लिम बस्ती के 170 परिवारों ने बेलगड़िया टाउनशिप में शिफ्ट होने पर सहमति जताई।
बैठक में बीसीसीएल पुटकी बलिहारी के सीनियर मैनेजर सतीश कुमार गुप्ता और असिस्टेंट मैनेजर (आर एंड आर) पावन वत्स समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


