धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को सभी ईआरओ, एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ को दावा-आपत्ति के दौरान दस्तावेजों की जांच और नोटिस सुनवाई की प्रक्रिया को लेकर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
24 अगस्त से शुरू होगी नोटिस सुनवाई
उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों से जुड़े मामलों की नोटिस सुनवाई और संबंधित दस्तावेजों की जांच 24 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
दस्तावेज सत्यापन और दावों के निष्पादन की जानकारी
ऑनलाइन प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त ने नोटिस सुनवाई, साक्ष्य सत्यापन और दावों के निष्पादन से जुड़े तकनीकी एवं कानूनी पहलुओं पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान ईआरओ, एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ की ओर से पूछे गए सवालों और शंकाओं का भी समाधान किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए नोटिस सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया।
छह विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारी प्रशिक्षण में शामिल
ऑनलाइन प्रशिक्षण में सिंदरी विधानसभा के ईआरओ सह अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, निरसा के ईआरओ सह एडीएम सप्लाई पंकज कुमार, धनबाद विधानसभा के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, झरिया विधानसभा के ईआरओ सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा शामिल रहे।
इसके अलावा टुंडी विधानसभा के ईआरओ सह डीसीएलआर दिलीप कुमार महतो, बाघमारा विधानसभा के ईआरओ सह निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन सहित सभी एईआरओ और अतिरिक्त एईआरओ ने प्रशिक्षण में भाग लिया।

