मुंबई। साउथ और बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री नयनतारा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वह कथित तौर पर पूरी तरह गंजे नजर आ रही हैं।
वायरल तस्वीरों के साथ दावा किया जा रहा है कि फिल्म की रिलीज से पहले नयनतारा ने आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर में जाकर अपना सिर मुंडवा लिया। हालांकि, पड़ताल में यह दावा फर्जी पाया गया है।
AI और डिजिटल एडिटिंग से तैयार की गईं तस्वीरें
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नयनतारा की कथित गंजे लुक वाली तस्वीरें वायरल होने के बाद उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा शुरू हो गई। तस्वीरों की बारीकी से जांच करने पर सामने आया कि ये वास्तविक तस्वीरें नहीं हैं।
वायरल इमेज में डिजिटल एडिटिंग के संकेत दिखाई देते हैं। इंटरनेट यूजर्स ने भी तस्वीरों को AI टूल से तैयार किए जाने की ओर इशारा किया है।
नयनतारा के तिरुपति मंदिर में दर्शन के दौरान सिर मुंडवाने का कोई आधिकारिक या विश्वसनीय प्रमाण सामने नहीं आया है। इसलिए वायरल तस्वीरों के आधार पर किए जा रहे दावे को सही नहीं माना जा सकता।
अप्रैल की असली तस्वीरों में बाल नजर आ रहे थे
वायरल तस्वीरों की सच्चाई नयनतारा की अप्रैल में हुई तिरुमाला मंदिर यात्रा से जुड़ी है। उस दौरान अभिनेत्री अपने पति और फिल्म निर्माता विग्नेश शिवन के साथ मंदिर पहुंची थीं।
उस समय सामने आई वास्तविक तस्वीरों में नयनतारा के बाल सामान्य रूप से दिखाई दे रहे हैं। वायरल तस्वीरों और अप्रैल की मूल तस्वीरों की तुलना करने पर उनकी पोशाक और कानों में पहने गए झुमने तक एक जैसे नजर आते हैं।
ऐसे में माना जा रहा है कि पुरानी तस्वीरों को डिजिटल एडिटिंग के जरिए बदला गया और उनके बाल हटाकर उन्हें गंजा दिखाया गया। इसके बाद इन्हीं एडिटेड तस्वीरों को सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ शेयर किया गया कि नयनतारा ने मंदिर में सिर मुंडवाया है।
‘टॉक्सिक’ में यश के साथ नजर आएंगी नयनतारा
नयनतारा जल्द ही निर्देशक गीथू मोहनदास की फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगी। फिल्म में यश मुख्य भूमिका में हैं। नयनतारा और यश के अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी गोवा के तटीय इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई गई है। इसमें ड्रग्स सिंडिकेट की दुनिया को दिखाया गया है।
‘टॉक्सिक’ का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया गया है। फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
नयनतारा अभिनेता सलमान खान के साथ अपनी आगामी फिल्म को लेकर भी चर्चा में हैं। इसी बीच ‘टॉक्सिक’ की रिलीज से पहले उनके कथित गंजे लुक की तस्वीरें वायरल हुईं, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार ये तस्वीरें वास्तविक नहीं, बल्कि डिजिटल रूप से तैयार की गई एडिटेड इमेज हैं।

