नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल FASTag लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी।
इस सुविधा के तहत पात्र दैनिक यात्री ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मासिक लोकल पास प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोकल पास के लिए टोल प्लाजा पर व्यक्तिगत रूप से जाने और दस्तावेजों की भौतिक प्रतियां जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
दिल्ली में सबसे पहले शुरू हुई थी डिजिटल लोकल पास सुविधा
NHAI के अनुसार, डिजिटल लोकल पास की सुविधा सबसे पहले जुलाई 2026 में दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई थी।
इस पहल का उद्देश्य टोलिंग व्यवस्था में तकनीक का इस्तेमाल कर पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाना है। साथ ही, नेशनल हाईवे पर स्थानीय यात्रियों के लिए यात्रा प्रक्रिया को अधिक आसान और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।
20 किलोमीटर के दायरे में रहने वालों को मिलेगा लाभ
डिजिटल लोकल पास सिस्टम के तहत पात्र टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं।
नेशनल हाईवे का इस्तेमाल करने वाले यात्री योग्य टोल प्लाजा की सूची ऑनलाइन देख सकते हैं। पात्र यात्रियों को लागू नियमों के अनुसार संबंधित टोल प्लाजा के लिए महीने के दौरान अनलिमिटेड यात्रा की सुविधा वाला मासिक लोकल पास मिलेगा।
DigiLocker और VAHAN से होगा दस्तावेजों का सत्यापन
पहले स्थानीय निवासियों को लोकल पास प्राप्त करने के लिए संबंधित टोल प्लाजा पर जाकर अपने घर का पता और पात्रता से जुड़े अन्य दस्तावेज जमा करने पड़ते थे।
नई डिजिटल व्यवस्था में DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ सहमति-आधारित इंटीग्रेशन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए यात्री के पते, वाहन की जानकारी और लिंक किए गए FASTag से जुड़ी आवश्यक जानकारी हासिल कर उसका सत्यापन किया जा सकेगा।
इसके अलावा, पात्रता की पुष्टि के लिए GIS आधारित वेरिफिकेशन भी किया जाएगा। इससे यह जांचने में मदद मिलेगी कि आवेदक का पंजीकृत पता संबंधित योग्य टोल प्लाजा के निर्धारित 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं।
इस डिजिटल सुविधा के शुरू होने से पात्र स्थानीय यात्रियों के लिए लोकल पास के आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया ऑनलाइन हो गई है।

