धनबाद में SIR कार्यों का निरीक्षण, लापरवाही पर BLO सुपरवाइजर की तय होगी जिम्मेदारी: के. रवि कुमार

धनबाद में SIR कार्यों का निरीक्षण, लापरवाही पर BLO सुपरवाइजर की तय होगी जिम्मेदारी: के. रवि कुमार

धनबाद: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार को धनबाद जिले के कतरास, झरिया और बाघमारा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ से कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया।

SIR कार्य में खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं

के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करना होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदान केंद्रों पर SIR से संबंधित कार्यों में शिथिलता या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही मिलने पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटे, इस पर जोर

के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर उपलब्ध तथ्यों और अभिलेखों की गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने का निर्देश दिया गया।

मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने का निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं में लोगों को सहयोग देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि एक परिवार और घर के मतदाता एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध हों, इसका ध्यान रखा जाए। पात्र युवा भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए फॉर्म-6 और घोषणापत्र भरने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

वहीं, ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र या अन्य किसी तरह की विसंगति होने पर संबंधित मतदाता से फॉर्म-8 भरवाने का निर्देश दिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *