कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक 18 अगस्त को, संगठनात्मक अनुशासन और JPSC-JSSC पर होगी चर्चा

कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक 18 अगस्त को, संगठनात्मक अनुशासन और JPSC-JSSC पर होगी चर्चा

रांची/धनबाद, 17 अगस्त 2026। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार, 18 अगस्त को रांची में आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश संगठन से जुड़े विषयों के साथ-साथ राज्य के समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। संगठनात्मक अनुशासन को बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल किया गया है।

धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर यह बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं सह-प्रभारियों के अलावा प्रदेश राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला प्रभारी और सभी जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों की सहभागिता अपेक्षित है।

संगठनात्मक अनुशासन पर रहेगा विशेष जोर

बैठक में प्रदेश स्तर पर लिए गए निर्णयों का जिला और प्रखंड स्तर तक गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। संगठन की एकजुटता, कार्यप्रणाली और अनुशासन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमिटी स्तर पर अनुशासन समितियों के गठन का विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल है। इसका उद्देश्य संगठन में जिम्मेदारी, जवाबदेही और बेहतर समन्वय को बढ़ावा देना है।

JPSC-JSSC और छात्र आंदोलनों पर भी चर्चा

बैठक में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में सुधार तथा छात्र आंदोलनों को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। पार्टी स्तर पर इन मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति और आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके अलावा खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 के झारखंड के हितों पर संभावित प्रभाव को लेकर भी बैठक में विचार किया जाएगा।

SIR-2026 और विस्थापितों के अधिकार एजेंडे में

बैठक में SIR-2026 के तहत मतदाताओं को सहयोग देने, भूमि विस्थापित एवं प्रभावित लोगों के अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। प्रदेश राजनीतिक मामलों की समिति के अंतर्गत कार्यकारिणी समितियों के गठन का मुद्दा भी एजेंडे में रखा गया है।

जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर भी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी अपना पक्ष रखेंगे।

आगामी रणनीति तय करने पर रहेगा फोकस

बैठक को प्रदेश कांग्रेस की आगामी रणनीति और संगठनात्मक कार्ययोजना तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित पदाधिकारियों से निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

बैठक में संगठन की एकजुटता, सामूहिक निर्णयों के सम्मान और पार्टी की कार्यप्रणाली को मजबूत करने पर विशेष जोर रहने की बात कही गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *