अशोक धाम मंदिर में बड़ा हादसा, भगदड़ में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत; 9 घायल

अशोक धाम मंदिर में बड़ा हादसा, भगदड़ में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत; 9 घायल

बिहार के लखीसराय जिले के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पास अचानक भगदड़ मचने से 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। लखीसराय के डीएम ने मौतों की पुष्टि की है।

कैसे हुआ हादसा?

शुरुआत में खबर आई थी कि 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिरने से लोगों को करंट लगा और हादसा हुआ। हालांकि, जिला प्रशासन ने बाद में स्पष्ट किया कि मौतों की मुख्य वजह करंट नहीं, बल्कि भगदड़ थी।

डीएम शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने बताया कि अशोक धाम हाल्ट पर एक ही समय में दोनों दिशाओं से ट्रेनें आ गई थीं। ट्रेन को देखकर कुछ युवकों में अचानक भाग-दौड़ शुरू हो गई।

इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया। पोल गिरने के बाद वहां करंट फैलने की अफवाह फैल गई। इससे श्रद्धालुओं में डर पैदा हो गया और देखते ही देखते भगदड़ मच गई।

बिजली बंद थी, फिर भी फैली अफवाह

प्रशासन के मुताबिक, हादसे के समय बिजली की सप्लाई बंद थी और तार भी कवर किया गया था। इसके बावजूद करंट लगने की अफवाह के कारण लोग घबरा गए।

भगदड़ में कई लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। इस दौरान 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के बाद मंदिर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *