धनबाद को बड़ी रेल सौगात, कोयंबटूर के लिए चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस

धनबाद को बड़ी रेल सौगात, कोयंबटूर के लिए चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस

धनबाद, 11 अगस्त 2026: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए नई सुविधा मिलने जा रही है। सांसद ढुलू महतो के प्रयासों के बाद धनबाद और कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दी है। रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 22363/22364 धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन किया जाएगा।

सांसद ढुलू महतो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, उन्होंने धनबाद क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं को लेकर रेल मंत्रालय के समक्ष नई ट्रेनों के परिचालन, मार्ग विस्तार और ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने की मांग रखी थी। इसी क्रम में धनबाद–कोयंबटूर के बीच नई ट्रेन को मंजूरी मिली है।

शनिवार को धनबाद से रवाना होगी ट्रेन

रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक ट्रेन संख्या 22363 धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार शाम 4:10 बजे धनबाद जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन सोमवार शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयंबटूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 7:50 बजे कोयंबटूर से रवाना होगी और गुरुवार दोपहर 1 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी।

ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव धनबाद और द्वितीयक रखरखाव कोयंबटूर में किया जाएगा।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहराव में न्यू वेस्ट केबिन, मानिकपुर, जुझारपुर, बल्हारशाह और रेणिगुंटा शामिल हैं।

रेलवे बोर्ड के आदेश में निर्धारित मार्ग के कुछ अन्य स्टेशनों को वॉटरिंग और अन्य परिचालन संबंधी सुविधाओं के लिए भी चिन्हित किया गया है।

नई ट्रेन के शुरू होने से धनबाद का सीधा रेल संपर्क दक्षिण भारत के प्रमुख औद्योगिक शहर कोयंबटूर से हो जाएगा।

विद्यार्थियों और श्रमिकों को मिलेगा लाभ

धनबाद और कोयंबटूर दोनों ही महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र हैं। ऐसे में दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नई ट्रेन से झारखंड और दक्षिण भारत के बीच यात्री संपर्क भी मजबूत होगा। शिक्षा, रोजगार, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को इससे एक अतिरिक्त सीधा रेल विकल्प मिलेगा।

रेल सुविधाओं के विस्तार पर सांसद ने जताया आभार

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद के लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस की मंजूरी को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद ने कहा कि आने वाले समय में धनबाद से अन्य महत्वपूर्ण शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू कराने, बंद ट्रेनों के पुनः परिचालन, मार्ग विस्तार और यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं के मुद्दे भी रेल मंत्रालय के समक्ष उठाए जाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *