झारखंड बंद का रांची के स्कूलों पर असर, 11 अगस्त को कई निजी स्कूल रहेंगे बंद

झारखंड बंद का रांची के स्कूलों पर असर, 11 अगस्त को कई निजी स्कूल रहेंगे बंद

रांची: JPSC-JSSC समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को हुए छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद के संभावित असर और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रांची के कई निजी स्कूलों ने मंगलवार को विद्यालय बंद रखने की घोषणा की है।

राजधानी में संभावित प्रदर्शन, यातायात प्रभावित होने और जाम की आशंका को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाया है। हालांकि, सभी स्कूलों ने एक जैसा निर्णय नहीं लिया है और कुछ संस्थान स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर रहे हैं।

रांची के कई स्कूलों ने की छुट्टी की घोषणा

बंद के मद्देनजर राजधानी के कई प्रमुख निजी स्कूलों ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने की सूचना जारी की है। इनमें डीपीएस, लेडी केसी राय स्कूल, जेवीएम श्यामली, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कैंब्रियन स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, सच्चिदानंद स्कूल, शारदा ग्लोबल स्कूल और मेरे नन्हे कदम स्कूल शामिल हैं।

इसके अलावा ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल, चिरंजीव पब्लिक स्कूल, मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, सरला बिरला स्कूल, श्रद्धानंद बाल मंदिर स्कूल, सेवंथ स्टार एकेडमी, संत माइकल स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, ब्रिजफोर्ड स्कूल, टेंडर हार्ट स्कूल और ओडीएम सफायर स्कूल ने भी बंद की घोषणा की है।

डीएवी नंदराज बरियातू, संत माइकल प्ले स्कूल, जी एंड एच स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, लाला लाजपत राय स्कूल, नोवल किड्स प्ले स्कूल, यूरो किड्स मोरहाबादी एवं कांके, ड्रीमर डेन प्री स्कूल, कोलकाता पब्लिक स्कूल, सृजन वैली स्कूल, ईस्ट प्वाइंट स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, डीएवी बरियातू, डीएवी गांधीनगर, एसआर डीएवी और मेटास एडवेंटिस्ट स्कूल भी सूची में शामिल हैं।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर लिया गया फैसला

स्कूल प्रबंधन की ओर से छुट्टी का फैसला संभावित प्रदर्शन और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लिया गया है। प्रबंधन का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को संभावित जाम या किसी अप्रिय स्थिति से बचाना बताया गया है।

वहीं, कुछ स्कूलों ने अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर स्कूल संचालन को लेकर फैसला करने की बात कही है।

बीजेपी के बंद के साथ ABVP का विधानसभा घेराव

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में झारखंड बंद का आह्वान किया गया है। वहीं, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी मंगलवार को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है।

एक ही दिन राजनीतिक दल के बंद और छात्र संगठन के कार्यक्रम को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है।

इन इलाकों में प्रदर्शन की आशंका

विशेष शाखा, झारखंड की ओर से 10 अगस्त को जारी पत्र में राजधानी के कई प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन और यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है। इनमें परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक, अरगोड़ा चौक, करमटोली चौक, कांटाटोली मोड़, बिरसा चौक, नामकुम सदाबहार चौक और बूटी मोड़ शामिल हैं।

इसके अलावा रांची में प्रवेश करने वाले विभिन्न मार्गों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना जताई गई है। मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।

प्रशासन के सामने सुरक्षा और यातायात की चुनौती

सोमवार को छात्रों के विधानसभा घेराव के बाद मंगलवार को झारखंड बंद और ABVP के विधानसभा घेराव के ऐलान से राजधानी में राजनीतिक और छात्र गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

ऐसे में प्रशासन के सामने प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था के साथ आम लोगों, यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती रहेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *