NEET-UG समेत देश की कई बड़ी प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर पिछले कुछ सालों में सवाल उठे हैं। खासकर NEET पेपर लीक विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर काफी चर्चा हुई। अब NTA ने परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
NTA ने तीन वरिष्ठ पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। इनमें जनरल मैनेजर (विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक), जनरल मैनेजर (इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी/CISO) और जनरल मैनेजर (टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशन) शामिल हैं।
इन पदों की भर्ती से साफ है कि NTA अब परीक्षा आयोजित करने के साथ-साथ पेपर लीक रोकने, साइबर सुरक्षा मजबूत करने और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी ज्यादा ध्यान देना चाहता है।
पेपर लीक रोकने के लिए होगी निगरानी
GM-विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक का काम परीक्षा में गड़बड़ी होने के बाद जांच करने तक सीमित नहीं रहेगा। यह अधिकारी परीक्षा से पहले संभावित खतरों की पहचान करेगा और संदिग्ध नेटवर्क, नकल गिरोह और पेपर लीक से जुड़े मामलों पर नजर रखेगा। इसके अलावा डिजिटल फॉरेंसिक के जरिए सबूत जुटाने और CBI, IB, ED, साइबर सेल और राज्य पुलिस जैसी एजेंसियों के साथ तालमेल बनाने की जिम्मेदारी भी होगी।
साइबर सुरक्षा पर भी जोर
दूसरा महत्वपूर्ण पद CISO यानी चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर का है। परीक्षा प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ने के साथ साइबर सुरक्षा भी बेहद जरूरी हो गई है।
CISO की जिम्मेदारी NTA के सर्वर, उम्मीदवारों के डेटा और आईटी सिस्टम को साइबर हमलों से सुरक्षित रखना होगी। इसके साथ ही 24 घंटे साइबर निगरानी, CERT-In और डेटा सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन और थर्ड पार्टी टेक्नोलॉजी कंपनियों की सुरक्षा जांच भी उसके काम का हिस्सा होगी।
परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था भी होगी मजबूत
तीसरा पद GM-टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशन का है। इस पद का मुख्य काम परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता, सुरक्षा और संचालन पर नजर रखना होगा। NTA परीक्षा केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाने के साथ छोटे शहरों और जिलों तक परीक्षा की सुविधाएं पहुंचाने पर भी ध्यान देगा। केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं की निगरानी और परीक्षा के दिन होने वाली अव्यवस्था को कम करना भी इस पद की जिम्मेदारी होगी।
कुल मिलाकर, NTA के इन नए पदों पर भर्ती को परीक्षा प्रणाली में सुरक्षा, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

