लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रयागराज में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को अब मंजूरी मिल गई है। पहले इस कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी गई थी, लेकिन बाद में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के लिखित आश्वासन के बाद दोबारा परमिशन दे दी गई।
कांग्रेस ने तेज की तैयारियां
अनुमति मिलने के बाद कांग्रेस ने कार्यक्रम की तैयारियां फिर से शुरू कर दी हैं। पार्टी के कार्यकर्ता दोबारा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए हैं और आयोजन की तैयारियों में जुट गए हैं।
अजय राय ने दिया लिखित आश्वासन
अजय राय ने अपने पत्र में भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान और परिसर की पूरी सुरक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए केवल उतनी ही जगह का इस्तेमाल होगा, जिससे छात्रों की खेल गतिविधियों में कोई बाधा न आए। साथ ही हाईकोर्ट और अन्य अदालतों के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
अजय राय ने यह भी कहा कि अगर कार्यक्रम की तैयारी के दौरान मैदान को कोई नुकसान होता है, तो कांग्रेस उसकी मरम्मत कराएगी और पहले जैसी स्थिति बहाल करेगी।
इस कार्यक्रम का स्वरूप कमर्शियल नहीं है: अजय राय
उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम किसी भी स्वरूप में कमर्शियल नहीं है. इस कार्यक्रम से माननीय इलाहबाद हाईकोर्ट की तरफ से पारित आदेश (दिनांक 14/08/2025) (जनहित याचिका-542 (2025), गिरिजा शंकर बनाम उत्तर प्रदेश सरकारी की किसी भी स्वरूप में अवहेलना नहीं होगी.
बता दें कि राहुल गांधी का 8 अगस्त 2026 को प्रयागराज में छात्रों की गूंज संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है. केपी ट्रस्ट की तरफ से मैदान की अनुमति रद्द किए जाने के बाद से कार्यक्रम चर्चा और विवादों में घिर गया था. कांग्रेस ने हर हाल में इस कार्यक्रम को आयोजित करने का ऐलान किया था. अब फिर से राहुल गांधी को कार्यक्रम की अनुमति दे दी गई है.

