लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देशभर में छात्र जो आंदोलन कर रहे हैं, वह मौजूदा शिक्षा प्रणाली के खिलाफ है।
इंस्टाग्राम पर Gen Z और छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह पहले भी देहरादून और कोटा में यह मुद्दा उठा चुके हैं और अब प्रयागराज में भी छात्रों की समस्याओं पर बात करेंगे।
‘शिक्षा महंगी हो गई है’
राहुल गांधी ने कहा कि आज शिक्षा बहुत महंगी हो गई है। उनका मानना है कि हर सरकार को छात्रों की बात गंभीरता से सुननी चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि चाहे कांग्रेस की सरकार हो, केंद्र सरकार हो या किसी भी राज्य की सरकार, सभी को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी। भाजपा सांसद और पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं और समाज में विभाजन पैदा करना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने हाल ही में छात्र प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया था कि छात्रों के खिलाफ हुई कथित हिंसा के मामले में वह संसद में जवाब देने का साहस नहीं दिखा रहे हैं. यह टिप्पणी उन छात्रों से मुलाकात के बाद आई थी, जिन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया था और 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई का सामना किया था.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि 20 जुलाई के “संसद चलो” मार्च के दौरान किसी भी तरह की गोलीबारी नहीं हुई थी. उन्होंने कहा, “मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ दोबारा स्पष्ट करना चाहता हूं कि उस दिन कोई गोली नहीं चली.”

