रांची: झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आयोजित होने वाली सात राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी झारखंड को सौंपी है। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा किया जाएगा।
सात खेलों की मेजबानी करेगा झारखंड
राज्य को जिन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है, उनमें फुटबॉल (अंडर-14 एवं अंडर-17 बालिका), साइक्लिंग (ट्रैक), वुशु, बास्केटबॉल, योगासन, ताइक्वांडो और हॉकी शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
देशभर से आएंगे हजारों खिलाड़ी
प्रतियोगिताओं में देश के लगभग 42 राज्यों और संबद्ध इकाइयों के हजारों खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी पदाधिकारी और टीम प्रबंधक भाग लेंगे। इससे झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल अधोसंरचना और आयोजन क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
तैयारियां शुरू, राष्ट्रीय मानकों पर होगा आयोजन
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन सचिव सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि सात राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी राज्य के लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित, पारदर्शी और सफल तरीके से कराना है, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ी झारखंड से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।
पिछले वर्ष से बढ़ी मेजबानी की संख्या
धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में झारखंड को पांच राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर सात हो गई है। विभाग का मानना है कि यह उपलब्धि राज्य की मजबूत खेल अधोसंरचना, बेहतर आयोजन क्षमता और स्कूली खेलों के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन से झारखंड की पहचान देश के प्रमुख खेल आयोजक राज्यों में और मजबूत होगी।
