केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दावा किया कि मोदी सरकार ने विदेशों में छिपे कई भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाने में बड़ी सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि 2019 से अब तक 274 अपराधियों को विदेशों से भारत लाया गया है। अमित शाह के मुताबिक, यह सरकार की मजबूत विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सख्त रुख का नतीजा है।
उन्होंने यूपीए सरकार से तुलना करते हुए कहा कि उस समय विदेशों से हर साल औसतन सिर्फ 4 अपराधियों को ही वापस लाया जा सका था।
अमित शाह ने यह भी कहा कि पहले कई अपराधी कानूनी प्रक्रिया और सिस्टम का फायदा उठाकर विदेश भाग जाते थे, लेकिन अब ऐसा करना आसान नहीं है। सरकार का कहना है कि जो भी अपराधी विदेश में छिपे हैं, उन्हें कानून के दायरे में लाने की कोशिश लगातार जारी है।

गृहमंत्री ने आगे कहा कि अब वे दिन बीत गए जब अपराधी सिस्टम की कमियों का फायदा उठाकर बच निकलते थे। नए भारत ने नए कानूनों, संस्थानों और वैश्विक साझेदारियों के जरिए पुराने सिस्टम की हर कमी को दूर किया है और सुरक्षा का एक ऐसा घेरा बनाया है, जिसे तोड़ा नहीं जा सकता।
बड़े अपराधी लाए गए भारत
- तहव्वुर हुसैन राणा: 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों का आरोपी, जिसे अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया।
- प्रभदीप सिंह: अजरबैजान से प्रत्यर्पित ड्रग्स सिंडिकेट और नार्को-टेररिज्म से जुड़ा कुख्यात अपराधी।
- संजीव चावला: साल 2000 के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच-फिक्सिंग कांड का मुख्य आरोपी, जिसे ब्रिटेन से फरवरी 2020 में भारत प्रत्यर्पित किया गया था।

