पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में रविवार (2 अगस्त) को बड़ा धमाका हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हमला पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर किया गया। अधिकारियों को शक है कि यह आत्मघाती हमला हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस धमाके में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सैदु शरीफ टीचिंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस स्टेशन के गेट पर हुआ धमाका
स्वात जिले के पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस स्टेशन के प्रवेश द्वार पर पहुंचा था। जब पुलिस ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, तभी उसने अपने पास मौजूद विस्फोटकों में धमाका कर दिया।
मौके पर मची अफरातफरी
यह धमाका उस समय हुआ, जब पास के काबल चौक में सैकड़ों लोग हाल के आतंकी हमलों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे क्षेत्र को घेर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, धमाका आत्मघाती हमले जैसा लग रहा था. हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यह रैली स्थानीय आदिवासी परिषद ‘स्वात अमन जिरगा’ ने आयोजित की थी. इसमें शामिल लोग नारे लगा रहे थे. प्लेकार्ड लेकर इलाके में शांति की मांग कर रहे थे.
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से इस इलाके में सुरक्षा हालात बिगड़े हुए हैं. अब इस धमाके ने और सवाल खड़े कर दिए हैं. बचाव दलों ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया. पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर दी. घायलों का तुरंत इलाज शुरू कर दिया है.

