बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। उन्होंने राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को केरल, कर्नाटक, गुजरात और दिल्ली के प्रभारी पद से हटा दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अशोक सिद्धार्थ को अब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र मंडल की जिम्मेदारी दी जा सकती है। हालांकि, इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, अशोक सिद्धार्थ के करीबी नितिन सिंह को भी उनके पद से हटा दिया गया है।
पहले पार्टी से निकाले गए थे
अशोक सिद्धार्थ, बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के ससुर हैं। पिछले साल मायावती ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया था। हालांकि, करीब छह महीने बाद आकाश आनंद के साथ उन्हें भी पार्टी में वापस शामिल कर लिया गया।
राजाराम को मिली नई जिम्मेदारी
वहीं, बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर और मध्य प्रदेश प्रभारी राजाराम को अब केरल, गुजरात और कर्नाटक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह नेशनल कोआर्डिनेटर रामजी गौतम को दिल्ली का संगठन मजबूत करने का जिम्मा दिया गया है। उनको पंजाब के प्रभारी पद से हटाकर रणधीर सिंह बेनीवाल को सौंपा गया है। बेनीवाल हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी बने रहेंगे।

