श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए मेरठ जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वीके सिंह के आदेश के अनुसार, 3 अगस्त से 12 अगस्त तक जिले के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान बंद रहेंगे।
इस आदेश में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल शामिल हैं। इनमें बेसिक शिक्षा परिषद, यूपी बोर्ड, CBSE, ICSE, मदरसा बोर्ड और अन्य सभी बोर्डों से जुड़े विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा, जिले के सभी
सरकारी और निजी कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान भी इस अवधि में बंद रहेंगे। हालांकि, जिन परीक्षाओं की तारीख पहले से तय है, वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
बता दें कि जिलाधिकारी ने आदेश में कहा है कि श्रावण मास के दौरान हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों की बड़ी संख्या को देखते हुए विभिन्न कांवड़ मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

