प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट कुछ समय के लिए हटने के मामले में मेटा ने केंद्र सरकार को जवाब भेजा है। सरकार की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद कंपनी ने एक पत्र लिखकर अपनी कार्रवाई की जानकारी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेटा ने सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्रालय को बताया है कि प्रधानमंत्री और अन्य प्रमुख हस्तियों की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट की अब अतिरिक्त निगरानी की जाएगी।
कंपनी ने कहा है कि ऐसे पोस्ट की समीक्षा कई स्तरों पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले पर चर्चा के लिए मेटा के अधिकारी इस सप्ताह के अंत या अगले सप्ताह की शुरुआत में केंद्र सरकार के अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट कुछ समय के लिए हट जाने के बाद केंद्र सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मेटा के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया था। इसके बाद कंपनी ने सरकार को अपना जवाब भेजा है।
युवाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने किया था पोस्ट
बता दें कि केंद्र सरकार ने पीएम मोदी की एक फेसबुक पोस्ट को थोड़ी देर के लिए हटाए जाने के मुद्दे पर मंगलवार (28 जुलाई, 2026) को मेटा के वैश्विक लोक नीति प्रमुख को तलब किया था. पीएम मोदी ने पिछले हफ्ते 23 जुलाई, 2026 की अपने फेसबुक पोस्ट में युवाओं को संबोधित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
वहीं, पीएम मोदी के वीडियो के फेसबुक से गायब होने के मामले में अमेरिकी सोशल मीडिया कंपनी ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए माफी भी मांगी थी. मेटा ने इस के लिए अपने ऑटोमेटिक AI कंटेंट फिल्टर में आई तकनीकी गड़बड़ी को जिम्मेदार बताया था. मेटा ने कहा था कि गलती से हटाई गई सामग्री को बाद में बहाल कर दिया गया था. हालांकि, आईटी मंत्रालय ने कंपनी की इस स्पष्टीकरण को पर्याप्त नहीं माना.
