IGI Airport: 6 घंटे की देरी के बाद स्पाइसजेट की पुणे फ्लाइट रद्द, एयरपोर्ट पर फंसे रहे 180 से ज्यादा यात्री

IGI Airport: 6 घंटे की देरी के बाद स्पाइसजेट की पुणे फ्लाइट रद्द, एयरपोर्ट पर फंसे रहे 180 से ज्यादा यात्री

नई दिल्ली: दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 939 करीब छह घंटे से ज्यादा देर से रवाना हुई। इसकी वजह से 180 से अधिक यात्रियों को पूरी रात एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। यह फ्लाइट 27 जुलाई की रात 9:15 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन यात्री सुबह करीब 3:30 बजे तक एयरपोर्ट पर ही फंसे रहे।

यात्रियों ने जताई नाराजगी

यात्रियों का बोर्डिंग समय रात 8:45 बजे था। उनका कहना है कि फ्लाइट में लगातार देरी हो रही थी, लेकिन एयरलाइन की ओर से कोई साफ जानकारी नहीं दी जा रही थी। लंबे इंतजार से नाराज यात्रियों ने विरोध किया। इस दौरान स्पाइसजेट के कर्मचारियों और कुछ यात्रियों के बीच बहस भी हुई, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों को मौके पर बुलाना पड़ा।

यात्री ने एक्स पर लगाई मदद की गुहार

यात्री रमेश चंद्र सोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बोर्डिंग पास शेयर करते हुए डीजीसीए, प्रधानमंत्री कार्यालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी से हस्तक्षेप की मांग की।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यात्री कई घंटों से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और विमान में लंबे समय से मेंटेनेंस का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर विमान पूरी तरह सुरक्षित नहीं है, तो फ्लाइट रद्द कर यात्रियों के लिए दूसरी व्यवस्था की जानी चाहिए।

दुसरे उड़ान की सही स्थिति नहीं बताई गई

यात्रियों का आरोप है कि रात 2:00 बजे से 3:30 बजे तक भी उड़ान की सही स्थिति नहीं बताई गई। छह घंटे से ज्यादा चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद यात्रियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से इस लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि इतने लंबे समय तक फंसे रहने के बावजूद एयरलाइन की ओर से न तो खाने-पीने का कोई इंतज़ाम किया गया और न ही सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया।

स्पाइसजेट प्रवक्ता का कहना है कि 27 जुलाई, 2026 को दिल्ली से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एसजी 939 तकनीकी खराबी के कारण पहले विलंबित हुई और बाद में रद कर दी गई। असुविधा को कम करने के लिए, एयरलाइन ने सभी प्रभावित यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त उड़ान संचालित की। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *