धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के लिए सत्र 2025-26 उपलब्धियों से भरा रहा। इस सत्र में जिले के कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन से धनबाद क्रिकेट को नई ऊंचाई मिली है।
कोनैन कुरैशी सहित कई खिलाड़ियों ने बनाई राष्ट्रीय पहचान
धनबाद के कोनैन कुरैशी का चयन बीसीसीआई के इमर्जिंग इंडिया टूर्नामेंट और ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप के लिए हुआ। इसके अलावा वह विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड सीनियर टीम का हिस्सा भी रहे।
वहीं महिला क्रिकेट में धनबाद की नेहा कुमारी साव और वृष्टि कुमारी ने भी उपलब्धि हासिल की। दोनों खिलाड़ियों ने बीसीसीआई के अंडर-19 एलीट कैंप में हिस्सा लिया।
जेएससीए की तीन ट्रॉफी पर धनबाद का कब्जा
सत्र 2025-26 में धनबाद की टीमों ने जेएससीए प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। धनबाद ने जेएससीए अंतर जिला अंडर-14, अंतर जिला अंडर-19 एलीट और सीनियर रणवीर वर्मा ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इसके अलावा कई खिलाड़ियों ने झारखंड टीम में जगह बनाई। अंडर-16 झारखंड टीम में दिव्यांशु कुमार, सौविक भट्टाचार्य और रूद्र नारायण मिश्रा चुने गए। वहीं अंडर-19 टीम में सिद्धार्थ सिन्हा ने धनबाद का प्रतिनिधित्व किया।
जेएससीए कैंप में धनबाद के खिलाड़ियों का दबदबा
जेएससीए इंटर जोनल अंडर-16 टूर्नामेंट के लिए धनबाद के दिव्यांशु कुमार, सौविक भट्टाचार्य, रूद्र नारायण मिश्रा, दिशांक शेखर, वीर सिंह, अद्विक यादव, अंकेश कुमार और रिद्धान चौरसिया का चयन हुआ।
अंडर-19 इंटर जोनल टूर्नामेंट के लिए सिद्धार्थ सिन्हा, स्वरित सिंह, रूद्र नारायण मिश्रा, आनंद राज, एकलव्य सिंह और दिव्यांशु कुमार चुने गए। वहीं अंडर-19 हाई परफॉर्मेंस बॉलिंग कैंप में एकलव्य सिंह, आनंद राज, दिव्यांशु कुमार और रोहित कुमार को जगह मिली।
सीनियर ब्वॉयज फिटनेस कैंप के लिए कोनैन कुरैशी, प्रतीक रंजन, राहुल प्रसाद और आर्यमन लाला को आमंत्रित किया गया।
महिला क्रिकेटरों ने भी बढ़ाया धनबाद का गौरव
महिला वर्ग में भी धनबाद की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 कैंप के लिए माही कुमारी, किंजल सिंह, समृद्धि कुमारी, रिया कुमारी यादव, सगुन सिंह, अन्नू कुमारी यादव, अनुप्रिया लाल, दीपिका कुमारी और संस्कृति का चयन हुआ।
अंडर-15 झारखंड टीम में माही कुमारी, किंजल सिंह और समृद्धि कुमारी जगह बनाने में सफल रहीं। अंडर-19 स्टेट कैंप में आयशा अली, नेहा कुमारी साव, वृष्टि कुमारी, बबली कुमारी और अंकिता मौर्य शामिल हुईं। इनमें नेहा, वृष्टि और बबली का चयन झारखंड टीम में हुआ।
अंडर-23 स्टेट कैंप में नेहा कुमारी साव, वृष्टि कुमारी, आनंदिता किशोर, शिफा हसन और पल्लवी कुमारी को बुलाया गया, जिसमें नेहा, वृष्टि, आनंदिता और शिफा ने राज्य टीम में जगह बनाई।
सीनियर महिला फिटनेस कैंप के लिए अनंदिता किशोर, दुर्गा कुमारी मुर्मू, नेहा कुमारी साव, वृष्टि कुमारी और शिफा हसन का चयन हुआ। इसमें दुर्गा, अनंदिता और वृष्टि झारखंड टीम का हिस्सा बनीं।
धनबाद क्रिकेट संघ के लिए यह सत्र खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण रहा। जिले के खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन से आने वाले समय में धनबाद क्रिकेट को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

