कार्गो होल्ड से धुएं का अलर्ट, दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

कार्गो होल्ड से धुएं का अलर्ट, दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग

दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार (27 जुलाई 2026) को अचानक राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड (सामान रखने वाली जगह) से धुआं निकलने की सूचना मिली थी।

जानकारी मिलते ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत राजकोट एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर लिया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

राजकोट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोरा ने बताया कि विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में कुल 194 यात्री सवार थे। कार्गो होल्ड से धुआं निकलने की सूचना मिलने के बाद तुरंत अलर्ट जारी किया गया और विमान को सुरक्षित रूप से राजकोट एयरपोर्ट पर उतारा गया।

लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

IndiGo ने भी इस घटना पर अपना आधिकारिक बयान जारी किया है. एयरलाइन के अनुसार, फ्लाइट को एक तकनीकी खराबी के कारण एहतियातन राजकोट में उतारा गया. कंपनी ने बताया कि विमान की जांच अभी जारी है और यात्रियों को मुंबई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही है. एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है.

जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि धुएं का कारण तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य वजह. फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *