रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। वह इन दिनों पूरी तरह इस फिल्म की तैयारियों और प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में आंख में संक्रमण होने के बावजूद उन्होंने नई दिल्ली के भारत मंडपम में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद वह ‘रामायण’ की पूरी टीम के साथ सैन डिएगो कॉमिक कॉन में फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे।
इस इवेंट में रणबीर कपूर के साथ निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा और अभिनेता यश भी मौजूद थे। यहां रणबीर ने अपनी आने वाली फिल्मों और ‘रामायण’ के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने ‘धूम 4’ को लेकर चल रही अफवाहों पर भी जवाब दिया।
वह ‘धूम 4’ का हिस्सा नहीं हैं
एक इंटरव्यू में जब उनसे कहा गया कि वह ‘धूम 4’ में भी नजर आएंगे, तो रणबीर ने इस खबर को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने साफ कहा कि वह ‘धूम 4’ का हिस्सा नहीं हैं।
रणबीर ने बताया कि ‘रामायण’ के अलावा वह इस समय संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म 24 जनवरी 2027 को रिलीज हो सकती है। इससे साफ हो गया है कि फिलहाल रणबीर कपूर ‘धूम 4’ में काम नहीं कर रहे हैं।
‘एनिमल पार्क’ पर भी नहीं दिया अपडेट
रणबीर कपूर के अनुसार, ‘लव एंड वॉर’ 24 जनवरी को रिलीज होगी। हालांकि, पहले कुछ रिपोर्ट्स में फिल्म की रिलीज डेट 21 जनवरी भी बताई जा चुकी है। बातचीत के दौरान, रणबीर ने अपनी 2023 की हिट फिल्म ‘एनिमल’ के सीक्वल यानी ‘एनिमल पार्क’ पर भी कोई अपडेट नहीं दिया, जिसे लेकर दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब तक मेकर्स की ओर से भी ‘एनिमल पार्क’ पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है। यानी, अभी दर्शकों को एनिमल पार्क के लिए लंबा इंतजार करना होगा।
‘लव एंड वॉर’ कब रिलीज होगी ?
‘लव एंड वॉर’ की बात करें तो फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली हैं। ये एक रोमांटिक पीरियड ड्रामा फिल्म है, जिसमें रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल लीड रोल में नजर आएंगे। ये फिल्म 2027 में रिलीज होगी।

