10 महीने के सफर का हुआ अंत, ज्योतिर्मयी नायक बनीं ‘इंडियन आइडल 16’ की चैंपियन

10 महीने के सफर का हुआ अंत, ज्योतिर्मयी नायक बनीं ‘इंडियन आइडल 16’ की चैंपियन

टीवी का लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 16’ खत्म हो गया है और इस सीजन को अपना विजेता मिल गया है। रविवार (26 जुलाई) को हुए ग्रैंड फिनाले में ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के साथ उन्हें 20 लाख रुपये का नकद इनाम भी मिला।

फिनाले में ज्योतिर्मयी नायक, तनिष्क शुक्ला और मनराज टॉप-3 में पहुंचे थे। कड़ी टक्कर के बाद ज्योतिर्मयी विजेता बनीं। तनिष्क शुक्ला फर्स्ट रनर-अप और मनराज सेकेंड रनर-अप रहे।

पूरे सीजन में ज्योतिर्मयी ने अपनी शानदार गायकी से दर्शकों और जजों का दिल जीत लिया। उन्होंने ‘ओ जब तक है जान, जाने जहां मैं नाचूंगी’, ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ समेत कई गानों की बेहतरीन प्रस्तुति दी।

ग्रैंड फिनाले में श्रेया घोषाल, कुमार सानू और बादशाह जज के रूप में मौजूद रहे। वहीं, शहनाज गिल ने स्पेशल गेस्ट के तौर पर शो में हिस्सा लिया और फिनाले की रौनक बढ़ाई।

मिसमी बोसू फिनाले की रेस से बाहर हो गईं

मिसमी बोसू, स्पॉटलाइट राउंड के बाद फिनाले की रेस से बाहर हो गईं। टॉप 5 फाइनलिस्ट में ज्योतिर्मयी नायक, तनिष्क शुक्ला, मनराज वीर सिंह, अंशिका चोनकर और सुहैल सूफी शामिल थे। हालांकि, अंशिका चोनकर और सुहैल सूफी को पर्याप्त वोट नहीं मिले और वे प्रतियोगिता से बाहर हो गए। उन्हें सोनी टेलीविजन से 3-3 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला।

क्या बोली ज्योतिर्मयी नायक?

बता दें कि इंडियन आइडल 16 की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद ज्योतिर्मयी नायक ने कहा, “इंडियन आइडल सीजन 16 जीतना बिल्कुल सपने जैसा लग रहा है। सिर्फ एक सपने के साथ ऑडिशन में आने से लेकर विजेता के तौर पर यहां खड़े होने तक, यह सफर वाकई ज़िंदगी बदलने वाला रहा है। हर परफॉर्मेंस ने मुझे एक बेहतर सिंगर, परफॉर्मर और इंसान बनने के लिए चुनौती दी, और इस सफर में मैंने जो कुछ भी सीखा है, उसे मैं हमेशा याद रखूंगी। मैं सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न और फ्रीमैंटल की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मुझे अपना टैलेंट दिखाने के लिए यह शानदार प्लेटफॉर्म दिया और मुझे आज का कलाकार बनने में मदद की।

हमारे जजों, आदित्य भैया, पूरी क्रू, पर्दे के पीछे काम करने वाले उन सभी लोगों का दिल से शुक्रिया जिन्होंने इस सफर को इतना खास बनाने के लिए अथक प्रयास किया, साथ ही मेरे परिवार, दोस्तों और हर उस व्यक्ति का भी शुक्रिया जिसने मुझ पर भरोसा किया और मुझे वोट दिया। यह ट्रॉफी सिर्फ मेरी नहीं है, यह उन सभी की है जो मेरे साथ खड़े रहे और इस सपने को सच किया। मुझे उम्मीद है कि मैं ऐसा संगीत बनाती रहूंगी जो दिलों को छुए, मुझे कुछ नया सीखने का मौका दे और सभी को मुझ पर गर्व महसूस कराए।’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *