6 दिन बाद बहाल हुई अमरनाथ यात्रा, बालटाल रूट से शुरू हुए बाबा बर्फानी के दर्शन

6 दिन बाद बहाल हुई अमरनाथ यात्रा, बालटाल रूट से शुरू हुए बाबा बर्फानी के दर्शन

अमरनाथ यात्रा 6 दिन बाद शनिवार (25 जुलाई) से फिर शुरू हो गई है। फिलहाल यात्रा सिर्फ बालटाल रूट से कराई जा रही है। भारी बारिश से हुए नुकसान की वजह से पहलगाम रूट को कुछ समय के लिए बंद रखा गया है। कश्मीर प्रशासन ने बताया कि हाल की बारिश के कारण पहलगाम मार्ग पर मरम्मत और बहाली का काम चल रहा है। इसलिए श्रद्धालुओं को अभी इस रास्ते से यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने कहा कि यात्रा बिना किसी परेशानी के जारी रहे, इसके लिए बालटाल रूट पर सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही पहलगाम रूट की मरम्मत का काम पूरा होगा और रास्ता सुरक्षित होगा, आगे का फैसला लिया जाएगा।

तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम

डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने कहा, “यात्रा बालटाल रूट से जारी रहेगी, जिसके लिए सुचारू और सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त इंतज़ाम किए गए हैं.” उन्होंने ये भी बताया कि इस साल की यात्रा के दौरान अबतक 3.95 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं, जो तीर्थयात्रा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को दर्शाता है.

स्थगित अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू

बता दें कि अनंतनाग जिले के करीब 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम रूट और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रूट पर लगातार बारिश और खराब मौसम की वजह से यात्रा 19 जुलाई को एहतियातन स्थगित कर दी गई थी. ये दोनों रूट 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर तक जाते हैं. 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *