जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि इस साल की श्री अमरनाथ यात्रा ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। अब तक 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु यात्रा पूरी कर चुके हैं, जबकि 4.14 लाख से अधिक भक्तों ने पवित्र गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं।
रविवार (26 जुलाई) को मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि भगवान शिव की कृपा से श्री अमरनाथ यात्रा ने यह अहम पड़ाव पार किया है। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं ने सुरक्षित और सफल तरीके से यात्रा पूरी की है।
उपराज्यपाल ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों, सुरक्षा बलों, सेवा प्रदाताओं, स्वयंसेवकों और यात्रा से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और आध्यात्मिक माहौल में बाबा बर्फानी के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
मनोज सिन्हा ने उच्च स्तरीय बैठक की
इससे पहले रविवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा मार्गों का जायजा लेने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की। यह बैठक हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद यात्रा मार्गों पर चल रहे मरम्मत और बहाली के काम की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी।
बैठक में अधिकारियों, कैंप निदेशकों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान यात्रा मार्गों की स्थिति, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से जारी रखने के लिए किए जा रहे इंतजामों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद मनोज सिन्हा ने X पर लिखा, “कार्यान्वयन एजेंसियों और अधिकारियों को बहाली कार्यों में तेज़ी लाने, भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देने, माउंटेन रेस्क्यू टीमों को मजबूत करने, मौसम की रियल-टाइम जानकारी सक्रिय रूप से साझा करने और ज़रूरी सुविधाओं व सेवाओं को पूरी तरह चालू रखने का निर्देश दिया गया है.”
फिलहाल खराब मौसम की आशंका के बावजूद बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी, जबकि पहलगाम मार्ग पर यात्रा फिलहाल स्थगित रहेगी. हाल की भारी बारिश से इस रास्ते को नुकसान पहुंचा है और वहां मरम्मत का काम तेजी से जारी है.

