बिहार में बीजेपी के पूर्व विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष हरि भूषण ठाकुर बचौल को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस मामले में उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
हरि भूषण ठाकुर ने बताया कि शनिवार (25 जुलाई) की रात उन्हें दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आए। उनका आरोप है कि कॉल करने वाले ने पहले उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फिर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
उन्होंने यह भी बताया कि कॉलर आइडेंटिफिकेशन ऐप पर कॉल करने वाले का नाम ‘मो. इनामुल’ दिखाई दे रहा था। इसकी जानकारी भी उन्होंने पुलिस को दे दी है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और कॉल करने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पाटलिपुत्र थाने में दर्जा कराई एफआईआर
पूर्व विधायक हरि भूषण ठाकुर ने पटना के पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन में धमकी भरे कॉल को लेकर शिकायत दी जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है.
शिकायत में पूर्व विधायक ने कहा कि मैं शनिवार (25 जुलाई) को अपने आवास ग्रीन हेरिटेज के सी-ब्लॉक के 206 नंबर फ्लैट में था. रात करीब 8:46 बजे मेरे मोबाइल नंबर पर 9631486535 से कॉल आया. मेरे उठाने के बाद मुझे गाली और जान से मारने की धमकी दी गई है.
उन्होंने शिकायत में आगे कहा कि कई बार इस नंबर से मिस्डकॉल भी आई. जिसको ट्रूकॉलर पर चेक किया गया तो मोहम्मद इनामुल का नाम आ रहा है. आरोप है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने लगातार अभद्रता की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता रहा. इस मामले को लेकर पूर्व विधायक ने हरि भूषण ठाकुर बचौल ने पुलिस से आगे की कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस ने शिकायत ले ली है.
पूर्व विधायक की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा शिकायत में दिए गए नंबर के बारे में पता लगाया जा रहा है. साथ ही पुलिस कॉल डिटेल्स और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस द्वारा धमकी देने वाले शख्स की पहचान करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं.
हरि भूषण ठाकुर को बीजेपी का फायरब्रांड नेता
बता दें कि हरि भूषण ठाकुर मधुबनी की बिस्फी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. फिलहाल पार्टी ने उन्हें बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दे रखी है. हरि भूषण ठाकुर को बीजेपी का फायरब्रांड नेता भी कहा जाता है.

