केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर चल रहे अपने आंदोलन को समाप्त करने का ऐलान किया है। इस फैसले पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार होगा और इस दिशा में आगे भी काम किया जाएगा।
सोनम वांगचुक ने कहा, “सरकार और धर्मेंद्र प्रधान ने जो कदम उठाया है, मैं उसका स्वागत करता हूं। मैं सभी देशवासियों को बधाई देता हूं। यह लोकतंत्र की जीत है और हमें आगे भी लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखना होगा।”
उन्होंने देश के युवाओं और छात्रों को भी बधाई दी। साथ ही CJP के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने उन सभी लोगों की भी सराहना की, जिन्होंने आंदोलन में शामिल होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी।
सोनम वांगचुक ने कहा कि पूरे आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने शांति बनाए रखी, जो सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह शांति बनी रहेगी और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होगी।
उन्होंने कहा, ‘विजय में विनम्रता सबसे बड़ी बात है और वही आपके चरित्र को परिभाषित करता है. एक तरफ जवाबदेही मिली है तो अब सुधार करने की आवश्यकता है. शिक्षा में सुधार होगा, आगे भी इस पर काम होगा, मुझे उम्मीद है. मेरी आशा है कि एक नए भारत की शुरूआत होगी. मैं उम्मीद करता हूं कि सरकार इस बदलाव के साथ बहुत से बदलाव लाएगी.’ सरकार के साथ तीसरे दौर की बातचीत के बाद, कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना आंदोलन वापस ले लिया है और प्रदर्शनकारियों से अपने घरों को लौटने की अपील की है.
सीजेपी के डेलीगेशन से बातचीत के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, ‘आज हमारी लंबी बातचीत हुई. वे एक लिखा हुआ ड्राफ्ट लाए थे जिसमें उन्होंने आंदोलन में चल रहे केस के बारे में 4 पॉइंट्स रखे थे. इसके साथ ही, हमने बाकी 2 मांगों पर भी बात की. कोई बदले की कार्रवाई न की जाए, मुआवजा दिया जाए और उनके 5 पॉइंट वाले चार्टर पर विचार किया जाए. हम उन्हें FIR की कॉपी देंगे और कोई कार्रवाई नहीं होगी. दूसरी बात जो कही गई है, वह यह है कि मुआवजे के बारे में, सरकार ने साफ कहा है कि हमें भी सहानुभूति है. हम सभी ने कहा है कि नियम और कानून के हिसाब से मुआवजा होगा, जो भी ज़्यादा से ज़्यादा हो सकेगा, उन्हें दिया जाएगा.’

