सुजॉय घोष की फिल्म ‘कहानी’ साल 2012 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में विद्या बालन ने मुख्य भूमिका निभाई थी और इसे बॉलीवुड की सबसे बेहतरीन थ्रिलर फिल्मों में गिना जाता है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सुपरहिट साबित हुई थी।
इसके बाद साल 2016 में ‘कहानी 2’ रिलीज हुई। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छे रिव्यू मिले, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर पहली फिल्म जैसी सफलता हासिल नहीं कर सकी। अब पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ‘कहानी 3’ बनाने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, इस बार विद्या बालन फिल्म का हिस्सा नहीं होंगी।
विद्या बालन की जगह यामी गौतम को लीड रोल में
रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स इस फिल्म में विद्या बालन की जगह यामी गौतम को लीड रोल में लेने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक फिल्म या इसकी स्टार कास्ट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है प्रोजेक्ट
एक सोर्स ने पोर्टल को बताया,’कहानी 3 पूरी तरह से एक नई कहानी है। इसका मकसद इस फ्रैंचाइजी को आगे बढ़ाना है, साथ ही उस दुनिया की खासियत को भी बनाए रखना है जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया है। यामी गौतम इसमें लीड रोल में होंगी और उनके किरदार का सफर बहुत दमदार है। फिल्म अभी प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और टीम शूटिंग की टाइमलाइन पर काम कर रही है।’
सुजॉय घो। जिन्होंने ‘कहानी’ और ‘कहानी 2’ को डायरेक्ट किया था, वही इसके तीसरे पार्ट को भी डायरेक्ट करेंगे। एक सोर्स ने पोर्टल को बताया कि फिल्ममेकर का इस फिल्म को लेकर विजन बहुत साफ है और वह टीम के साथ मिलकर यह पक्का कर रहे हैं कि ‘कहानी 3’ नई लगे, लेकिन साथ ही उसमें इस फ्रेंचाइजी की आत्मा भी बनी रहे।

